हाड़ौती अंचल में शुक्रवार को मावठ का दौर चला। तड़के से हल्की व तेज बारिश होती रही। कई जगहों पर कोहरा छाया। कोहरे व बारिश के चलते सर्दी ने आमजन को ठिठुरा दिया।कोटा शहर समेत जिलेभर में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला रहा। मावठ का दौर पौने 12 बजे तक जारी रहा।
इससे सड़कें गीली हो गई। सुबह कोहरे और बादलों के आगोश में रही। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ। सर्दी बढ़ने से लोग देर तक घरों में दुबके रहे। घने कोहरे के चलते वाहन चालकों को सुबह वाहनों की हैडलाइट जलानी पड़ी। सुबह-सुबह बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। मावठ, कोहरे व बादल छाए रहने से शाम ढलने के बाद वापस तेज सर्दी का असर बढ़ गया।
लगातार चार-पांच दिन से छाए बादल व मावठ के बाद सर्दी के तेवर तीखे हो गए। मौसम विभाग के अनुसार, कोटा का अधिकतम तापमान 2 डिग्री गिरकर 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 17.7 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की रफ्तार 7 किमी रही। विजिबिलिटी 700 मीटर तक पहुंच गई।
दोगुनी हुई डिमांड
मौसम का मिजाज बदलने से शहर में कचौरी व चाय की डिमांड दोगुनी हो गई। व्यापारी पवन सुवालाल ने बताया कि सुबह से ही मौसम बदला होने से कचौरी की डिमांड दोगुनी हो गई। चाय के व्यवसायियों ने बताया कि चाय की मांग भी डेढ़ से दोगुनी हो गई। दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
दिनभर छाया कोहरा, सर्द हवाओं ने ठिठुराया
बूंदी जिले में सुबह से ही कोहरा छाया रहा। सूर्यदेव के भी दर्शन नहीं हुए। बादलों ने सूर्यदेव को अपने आगोश में ले लिया। ऐसे में सुबह से दोपहर तक चली सर्द हवा ने लोगों को ठिठुरा दिया। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। दुपहिया व चौपहिया वाहनों पर निकलने वाले लोग टोपे-जर्सी में लिपेटे नजर आए। अधिकतम तापमान 25 व न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।बारां शहर समेत जिले में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। मौसम सर्द रहने से लोग गर्म कपड़ों में लिपटे रहे। कई जगह लोगों ने अलाव जलाकर सर्दी से राहत के जतन किए। अधिकतम तापमान 24 व न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा।
जमकर बरसी मावठ
झालावाड़ शहर व जिले में सुबह कोहरा छाया रहा। इस बीच मावठ का दौर शुरू हो गया। हवा से मौसम सर्द हो गया। कई जगह तो बरसात इतनी तेज थी कि सड़कों पर पानी बह निकला। झालावाड़ शहर में सुबह करीब साढ़े दस बजे से 20 मिनट तक रिमझिम बरसात हुई। इसके बाद भी बूंदाबांदी होती रही। अकलेरा मेें सुबह आठ बजे से मावठ की बारिश से मौसम बदल गया। इसके अलावा पिड़ावा, सुनेल, रायपुर, मनोहरथाना, पनवाड़, रीछवा, असनावर, रटलाई, चौमहला, भवानीमंडी, डग में मावठ गिरी और कोहरा छाया रहा। अधिकतम तापमान 25 व न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहा।
फसलों के लिए वरदान
कृषि विशेषज्ञ मावठ को फसलों के लिए वरदान बता रहे हैं। किसानों ने बताया कि मावठ से गेहूं, चना, सरसों, अरहर आदि फसलों में फायदा है तो अफीम को नुकसान भी है।