2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अवैध खनन प्रकरण: विधायक भरत सिंह का सीएम को पत्र, खान मंत्री को बर्खास्त करें

अवैध खनन के मामले को लेकर अब सत्ता दल के विधायक भी मुखर होने लगे हैं। सांगोद से कांग्रेस विधायक भरत सिंह कुंदनपुर ने अवैध खनन को लेकर शुक्रवार को फिर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा।

2 min read
Google source verification
Rajasthan Illegal mining: अवैध खनिज, राजस्थान सरकार से फिर बढ़ाया शिकंजा

Rajasthan Illegal mining: अवैध खनिज, राजस्थान सरकार से फिर बढ़ाया शिकंजा

कोटा. अवैध खनन के मामले को लेकर अब सत्ता दल के विधायक भी मुखर होने लगे हैं। सांगोद से कांग्रेस विधायक भरत सिंह कुंदनपुर ने अवैध खनन को लेकर शुक्रवार को फिर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। इसमें उन्होंने भरतपुर के पर्वतों में खनन के खिलाफ 551 दिन से धरना दे रहे साधु व अन्य साधु के आत्मदाह के प्रयास का जिक्र करते हुए लिखा कि अवैध खनन का सीधा संबंध गुण्डागर्दी से है। यह शासन के संरक्षण के बिना संभव नहीं हो सकता। साधु के आत्मदाह के प्रयास के बाद मुख्यमंत्री ने जिला कलक्टर व जिला प्रशासन को खनन माफिया को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसे लेकर जब प्रेस काॅन्फ्रेंस की गई, तब मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के खान मंत्री प्रमाेद जैन भाया भी साथ थे। विधायक ने कहा कि यहां ‘कांख में छोरा गांव में ढिंढोरा...कहावत चरितार्थ होती दिख रही है। उन्होंने यह आरोप लगाया कि प्रदेश का सबसे बड़ा खनन माफिया तो प्रदेश का खान मंत्री ही है। उनके गृह जिले में अवैध खनन ने रेकॉर्ड कायम किया है। बारां जिले में छांट-छांटकर भ्रष्ट अधिकारी नियुक्त किए जाते हैं। जंगल, जमीन, नदी, नालों पर अवैध खनन करवाकर भ्रष्टाचार मचा रखा है। बारां जिले में अवैध खनन करने के कारण कई लोग मरे हैं। पत्र में सिंह ने मुख्यमंत्री को यह भी स्मरण कराया कि वे सोरसन एवं गोडावन संरक्षण को लेकर अनेक पत्र लिख चुके हैं। अवैध खनन को रोकने का एकमात्र मार्ग अगर भतरपुर के साधु वाला मार्ग ही है तो मुझे इस कारगर मार्ग पर चलकर आप तक बात पहुंचानी पड़ेगी, इसके लिए इंतजार करें। इस तरह से पत्र में उन्होंने यह संकेत दिया कि उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया तो वे भरतपुर के साधु जैसा आत्मघाती कदम उठा सकते हैं। खान मंत्री भाया ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में लगाए गए आरोपों को विधायक भरत सिंह की निजी राय बताया है। उन्होंने कहा, प्रजातंत्र में अपनी बात कहने का सबको अधिकार है। भरत सिंह को सम्मानीय बताते हुए उन पर टिप्पणी करने से मना कर दिया।

पहले भी लिखे हैं पत्र
विधायक सिंह ने खान मंत्री प्रमोद जैन भाया को लेकर पहले भी मुख्यमंत्री को कई पत्र लिखे हैं। जिनमें वे अवैध खनन का आरोप लगा चुके हैं। कई बार कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर अवैध खनन की बात रख चुके हैं।

ये मुद्दा भी उठा चुके हैं सिंह
विधायक सिंह बारां जिले के गांव खान की झाेपड़िया में अवैध खनन को लेकर खान मंत्री प्रमाेद जैन भाया पर आरोप लगा चुके हैं। उन्हाेंने इस गांव काे काेटा जिले में शामिल करने की कई बार मांग उठाई। विधानसभा में भी मुद्दा उठाया।