
परवन अकावद बांध की फोटो: पत्रिका
Parwan Akawad Water Supply Project: करीब 4 साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार परवन अकावद पेयजल परियोजना का काम शुरू हो गया है। परवन वृहद सिंचाई परियोजना से सिंचाई के अलावा घरों तक नल कनेक्शन के जरिए पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के तहत अकावद क्षेत्र में बांध निर्माण का कार्य तो पहले ही शुरू कर दिया गया था, लेकिन इसी बांध से हाड़ौती के तीनों जिलों में पेयजल आपूर्ति की योजना टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण अटकी हुई थी।
करीब तीन माह पहले सभी पैकेजों के टेंडर फाइनल कर कार्यादेश जारी किए गए। संवेदक कंपनियों की ओर से एमओयू की प्रक्रिया पूरी कर मौके पर सर्वे किया गया। अब डिजायन, ड्राइंग आदि का कार्य किया जा रहा है। टंकी, फिल्टर प्लांट, पंप हाउस और सीडब्ल्यूआर आदि के लिए स्थान चयन किए जा रहे हैं। विभिन्न तरह के पाइप, मशीनरी और निर्माण सामग्री का भंडारण भी शुरू कर दिया गया है।
यहां पाइप लाइन बिछाने के लिए विभिन्न क्षमता के पाइप पहुंचना शुरू हो गया है। आवश्यकतानुसार सामग्री का भंडारण करने के बाद लाइनों की खुदाई शुरू कराई जाएगी। सरकार की ओर से परवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना से जल जीवन मिशन के तहत कोटा, झालावाड़ और बारां जिलों के 1.52 लाख परिवारों को नल से जल कनेक्शन दिया जाएगा। इसके लिए करीब 9 हजार 477 किमी क्षेत्र में राइजिंग मैन क्लस्टर वितरण एवं ग्रामीण वितरण पाइप बिछाई जाएगी। 6789 किमी बारां जिले में और 2688 किमी कोटा व झालावाड़ जिले में लाइन बिछाई जाएगी।
योजना के तहत 7 पैकेज में काम हो रहा है, लेकिन इसमें से दो पैकेज तो डीपीआर और सर्वे आदि विभागीय स्तर के कार्यों के थे। शेष 5 में से बारां जिले में 3 पैकेज (पैकेज नंबर 4, 5 व 6) में काम होगा। पैकेज नंबर 4 में छबड़ा-छीपाबड़ौद और अटरू क्षेत्र तथा पैकेज नंबर 5 में तहसील अंता, बारां, किशनगंज एवं शाहाबाद व आसपास क्षेत्र के क्लस्टर पैकेज के कार्यान्वयन, परीक्षण एवं कमीशनिंग कार्य (स्काडा, रोड क्रॉसिंग, विद्युत लाइन, वन स्वीकृति, भूमि अधिग्रहण, क्लस्टर पंप हाउस का कार्य किया जाएगा। जिले के लिए एक ही फिल्टर प्लांट ढोलम में बनाया जाएगा और छीपाबड़ौद क्षेत्र में परवन नदी के मुहाने पर इंटेकवेल का निर्माण कराया जाएगा।
परियोजना के तहत बारां जिले में काम शुरू करा दिया गया है। फिलहाल सर्वे और ड्राइंग का कार्य किया जा रहा है। जिले में तीन पैकेज में काम होगा। इन तीनों पैकेज के कार्य पूर्ण करने की अवधि 20 माह तय की गई है।
अरविंद खींची, अधीक्षण अभियंता, परवन अकावद वृहद पेयजल परियोजना
Updated on:
02 Apr 2026 10:07 am
Published on:
02 Apr 2026 10:03 am
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
