
Mumbai-Jaipur Superfast rake caught fire
कोटा. मुंबईसे वाया कोटा होकर जयपुर जाने वाली गाड़ी संख्या 12955 मुंबई-जयपुर सुपरफास्ट train के रेक में बुधवार को उस समय आग लग गई जब यह पिट लाइन पर खड़ी थी। इस कारण ट्रेन अपने गंतव्य स्थान से ही कई घंटे विलम्ब से रवाना हुई। कोटा जंक्शन पर गुरुवार को देरी से पहुंचने की संभावना है। रेक का रखरखाव चल ही रहा था कि अचानक एसी कोच में आग लग गई और कुछ ही देर में तीन कोचों ने आग पकड़ ली। आग की लपटें और धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था।
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ए.के गुप्ता ने इस घटना की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया है। रेलवे सूत्रों ने बताया कि शाम करीब 6 बजे आग लगने की सूचना नियंत्रण कक्ष को मिली। इस पर तत्काल आग बुझाने के प्रयास शुरू हो गए। यह ट्रेन मुंबई से शाम 6.50 बजे रवाना होती है, लेकिन आग लगने के कारण इसे री-शिड्यूल करना पड़ा। आग लगने के वास्तविक कारणों का बुधवार शाम तक पता नहीं चल पाया।
Published on:
11 Sep 2019, 9:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.