Rajasthan Weather News राजस्थान में नए पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से हाड़ौती अंचल के मौसम में बदलाव देखने को मिला। कोटा में सुबह तीखी धूप निकली। हवा में नमी रही। दोपहर में तेज धूप के साथ उमस का जोर रहा। लोग पसीने से तरबतर रहे। बीच-बीच में बादल छाए रहे, लेकिन गर्म हवा के चलते गर्मी का असर कम नहीं हुआ।
शाम ढलने के बाद भी तेज धूप चुभती रही। गर्म हवा के चलते रात में भी गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 2 डिग्री गिरकर 42.5 व न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की आर्द्रता 38 प्रतिशत रही। हवा की रफ्तार 8 किमी प्रति घंटे की रही।
बूंदी जिले में सुबह तीखी धूप निकली। सूर्यदेव दिनभर तमतमाते रहे और लोग तीखी धूप से बचने का जतन करते रहे। दोपहर बाद शहर में आंधी चली। इससे कुछ देर के लिए धूल का गुबार छा गया। कूलर-पंखों की हवा भी बेअसर रही। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
दिनभर तेज धूप ने किया परेशान
झालावाड़ जिले में दिनभर तेज धूप रही। लोग छाया तलाशते रहे। तेज गर्मी से बचाव के लिए लोगों ने शीतल पेय पदार्थें का सहारा लिया। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा। बारां में भी तेज गर्मी रही।