
कोटा .
बोरखेड़ा क्षेत्र की कॉलोनियों के रहवासी असुविधाओं से जूझ रहे हैं। सालों बाद भी कई कॉलोनियों में विकास कार्य नहीं हुए। मूलभूत सुविधाएं तक नहीं। कॉलोनीवासियों ने अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधि तक अपनी शिकायत दर्ज करा दी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
नगर विकास न्यास से अनुमोदित बोरखेड़ा क्षेत्र की प्रतापनगर, कृष्णा विहार, बालाजी आवास, इन्द्रा विहार, अशोक विहार, अश्विनी विहार, अम्बिका आवास, मयूर विहार, सर्वोदय नगर व वैशाली नगर कॉलोनियों में सड़क, रोड लाइट व पेयजल पाइप लाइन नहीं है। कॉलोनियों को बसे 15 से 20 साल हो गए हैं। कॉलोनियों में सड़कें बदहाल होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। इससे लोगों में काफी रोष है।
गिट्टियां बिछाकर छोड़ दी सड़कें
प्रताप नगर में दस साल से सड़कें बदहाल हैं। अधिकारी व जनप्रतिनिधियों को शिकायत करते हैं तो आश्वासन ही मिलता है। पिछले दिनों बदहाल सड़क पर गिट्टियां बिछा दी गई। ये गिट्टियां लोगों के लिए मुसीबत बन गई हैं। वाहन चालकों व राहगीरों को हर पल हादसा होने का डर बना रहता है।
रात को छाया रहा अंधेरा
उज्ज्वल विहार, कृष्णा विहार, अम्बिका आवास, मयूर विहार कॉलोनियों में रोडलाइट नहीं होने से रात के समय अंधेरा छाया रहता है। समाजकंटकों का भी डर सताता रहता है और हर पल दुर्घटना का अंदेशा भी।
पीते हैं खारा पानी
क्षेत्र में कई कॉलोनियां ऐसी हैं, जहां पानी की पाइप लाइन नहीं बिछी है। लोग घरों में बोरिंग करा पानी पी रहे हैं। इनमें खारा पानी आता है। लोग बीमार हो रहे हैं।
खाली भूखण्ड बीमारियों के घर
वैशाली व सर्वोदय नगर में खाली भूखण्ड बीमारियों के घर बने हैं। कई भूखण्ड कचरे व गंदगी से अटे पड़े हैं तो कई में पानी सड़ रहा है। इससे बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है।
पीड़ामय कहानी, लोगों की जुबानी
प्रतापनगर के अजय कुमार कहते हैं, कॉलोनी में दस साल से प्रमुख सड़क तक नहीं बनी। हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है। पहले गड्ढे थे, अब गिट्टियां डाल दी, लोगों की मुसीबतें और बढ़ गई।
उज्ज्वल विहार में रहने वाले महेन्द्र राठौर बताते हैं, उज्ज्वल विहार में सड़कें बदहाल हैं। रोड लाइटें हैं नहीं। शाम ढलते ही समाजकंटकों का डेरा रहता है। रात को महिलाएं बाहर तक नहीं निकल पाती।
मंशा नगर कॉलोनी की कैलाश बाई ने बताया कि करीब 15 साल पुरानी मंशा नगर कॉलोनी है, लेकिन सड़कें, पानी व रोड लाइटें तक नहीं। सरकार की ओर से कोई सुविधा नहीं है। कचरे के लिए वाहन भी नहीं आते हैं।
मंशा नगर कॉलोनी की ही कलावती कहती हैं कि कॉलोनी में सड़क नहीं है। बारिश के दिनों में पानी भरता है। बाहर भी नहीं निकल पाते। रोड लाइट नहीं होने से रात के समय वाहन चालक फिसलकर घायल हो जाते हैं।
वैशाली नगर की उमा मित्तल वैशाली नगर यूआईटी से अनुमोदित कॉलोनी है, लेकिन सड़कें नहीं है। नाले-नालियां नहीं है। पार्षद ने राशि स्वीकृति की बात कही, लेकिन नालियां नहीं बनी। घरों का गंदा पानी सड़कों पर बहता व भूखण्डों में भरा पड़ा है।
Published on:
17 Mar 2018 07:08 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
