
Property dealer sell of government land
थेगड़ा में नगर विकास न्यास की करीब ढाई बीघा जमीन एक प्रॉपर्टी डीलर ने करोड़ों रुपए में बेच डाली। प्रॉपर्टी डीलर ने निजी खाते की जमीन बताकर भूखण्ड बेचे। यहां आधा दर्जन मकान बन भी गए हैं। सरकारी जमीन पर कॉलोनी काटने की शिकायत के बाद न्यास प्रशासन हरकत में आया है। न्यास ने निर्माणाधीन कुछ मकानों को ध्वस्त कर दिया है, लेकिन प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। इससे न्यास की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
थेगड़ा रोड पर आस्था नगर और मोहन धाम के बीच न्यास करीब ढाई बीघा जमीन है। इस जमीन पर प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद साबिर ने दो साल पहले कॉलोनी काट दी। इसमें लोगों को 5 से 10 लाख रुपए के भूखण्ड बेचे गए। प्रॉपर्टी डीलर ने निजी खाते की जमीन बताकर इकरारनामा के आधार पर भूखण्ड बेचे। इस कॉलोनी में अभी ज्यादातर भूखण्डों पर बाउण्ड्रीबॉल बनाई है। हाल में आधा दर्जन मकान बना लिए गए।
सुगम पोर्टल पर शिकायत पर हुई कार्रवाई
सुगम पोर्टल पर इस मामले की शिकायत करने पर जिला कलक्टर के निर्देश पर सोमवार को न्यास ने यहां दो-तीन मकान तोड़ दिए हैं, लेकिन जिन मकानों में लोग रहते हैं, उन पर कोई कार्रवाई नहीं की है। लोगों ने पक्षपात पूर्ण कार्रवाई करने का भी आरोप लगाया है। नयापुरा निवासी पीडि़त दिनेश कुमार ने बताया कि उन्होंने मोहनधाम में भूखण्ड संख्या 136 खरीदा था। प्रॉपर्टी डीलर ने धोखे से सरकारी जमीन बेच दी है।
दो साल तक चुप्पी साधी
प्रॉपर्टी डीलर साबिर ने न्यास की जमीन पर दो साल पहले से कॉलोनी काटकर भूखण्ड बेच रहा है, लेकिन न्यास प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है। जबकि इस क्षेत्र में न्यास का अतिक्रमण निरोधक दस्ता पिछले एक साल से काफी सक्रिय हैं। क्षेत्र के पटवारी हरीश गुप्ता का कहना है कि न्यास की जमीन पर कॉलोनी काटने की जानकारी अधिकारियों को दे दी गई थी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ही अतिक्रमण तोड़ा गया है। यदि आदेश आएंगे तो शेष अतिक्रमण को भी तोड़ दिया जाएगा।

बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
