2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कोटा

मौसम के तीन रंग : सुबह बारिश-ओले, दिन में धूप, शाम को उमस

दिन में तीखी धूप खिली व शाम होते-होते उमस ने बेहाल कर दिया

Google source verification

हाड़ौती अंचल में रविवार को मौसम के तीन रंग देखने को मिले। कोटा, बूंदी, बारां व झालावाड़ जिले में बारिश हुई। दिन में तीखी धूप खिली व शाम होते-होते उमस ने बेहाल कर दिया।

कोटा शहर में सुबह काले बादल छा गए। तेज हवा चली। सुबह 9 बजे तक कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश हुई। सड़कों पर पानी बह निकला। तेज हवा व बारिश से नौतपा में राहत मिली। उसके बाद मौसम साफ हो गया। तीखी धूप खिली। शाम को बादल छाए और उमस से लोग बेहाल हो गए। पंखे-कूलर की हवा भी बेअसर साबित हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 3 डिग्री गिरकर 35.3 व न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा। कोटा में सुबह 9 बजे 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। 1.8 एमएम बारिश दर्ज की गई।

हिण्डोली-नैनवां में एक घंटा झमाझम, बिजली गिरने से भैंस की मौत

बूंदी शहर में सुबह ठण्डी हवा चली तो गर्मी से राहत मिली। कुछ देर मेघ गर्जना के साथ बीस मिनट हल्की बारिश हुई। गोठड़ा क्षेत्र में भी मेघ गर्जना के साथ बारिश हुई। बिजली गिरने से गणेशगंज गांव में एक भैंस की मौत हो गई। वहीं नैनवां, हिण्डोली में एक घंटे झमाझम बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया। हिण्डोली, कापरेन, नोताड़ा, बरूंधन, रामगंजबालाजी, नमाना बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

अंधड़ के साथ हुई बारिश, मनोहरथाना में ओले गिरे

झालावाड़ जिले में अंधड के साथ कई स्थानों पर बारिश हुई। झालावाड़, झालरापाटन, सुनेल, पिड़ावा में आधे घंटे तेज आंधी के साथ बारिश हुई। सुनेल व झालरापाटन में कई घरों से टिन टप्पर उड़ गए तो कई पेड़ टूट गए। दोपहर बाद मनोहरथाना में 10-12 मिनट बेर के आकार के ओले गिरे।

तेज हवाओं के साथ बरसात, तापमान में गिरावट

बारां में तेज हवा के साथ पांच मिनट हल्की बरसात हुई। गऊघाट क्षेत्र में भी करीब पांच मिनट बरसात के साथ ही कुछ देर ओले भी गिरे। अन्य क्षेत्रों में भी हल्की बरसात हुई है।