20 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Election 2023: हाड़ौती में भाजपा हावी, 17 में से 11 सीट पर जमाया कब्जा, कांग्रेस से एक और सीट छीनी

Rajasthan Election 2023: हाड़ौती में भाजपा हावी रही। 17 में से 11 सीट पर जमाया कब्जा, कांग्रेस से एक और सीट छीनी

2 min read
Google source verification

कोटा

image

Deepak Sharma

Dec 03, 2023

bjp_4.jpg

Rajasthan election 2023 हाड़ौती में भाजपा हावी रही। 17 में से 11 सीट पर जमाया कब्जा, कांग्रेस से एक और सीट छीनी. सुबह 8 बजे बारिश के बीच मतगणना शुरू हुई और रूझानों के साथ ही यहां कार्यकर्ताओं का उत्साह कभी जोशीला तो कभी ठंडा नजर आया। दोपहर 1.30 बजे तक हाड़ौती की 17 सीटों पर स्थिति एकदम साफ हो चुकी थी।

झालावाड़ जिले में झालरापाटन से हर बार की तरह एक तरफा मामला पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का रहा। पर जिले में खानपुर सीट का कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश गुर्जर के खाते में जाना चौंकाने वाला रहा। भाजपा के गढ़ में इस सेंध के बड़ेे मायने हैं।

इधर कोटा जिले में सबसे ज्यादा ड्रामे की स्थिति कोटा उत्तर में रही। यहां कांग्रेस सरकार के खास मंत्री शांति धारीवाल कभी ऊपर कभी नीचे होते रहे। आखिरकार 2486 वोटों से उन्होंने किला फतह किया। विकास के आधार पर वोट मांग रहे धारीवाल पर पूरे शहर की निगाहें जमीं हुई थीं। एक बार जीत एक बार हार के मिथक को भी कांग्रेस ने यहां तोड़ दिया। एक और उलटफेर पीपल्दा में देखने को मिला, जहां युवा कांगे्रस प्रत्याशी चेतन पटेल ने जीत दर्ज की। यहां इनकी खुद की अच्छी छवि ने जातिगत समीकरणों को धता बता दिया।

कोटा दक्षिण में भाजपा के संदीप शर्मा ने जीत दर्ज की। यहां चुनावी पंडित कहते रहे कि कांग्रेस की राखी गौतम से कड़ी टक्कर है लेकिन पिछली बार के मुकाबले ज्यादा वोट से शर्मा जीते। सांगोद, रामगंजमंडी, लाडपुरा पूर्वानुमानों के मुताबिक, भाजपा की झोली मेंं ही रहे। हालांकि लाडपुरा में पहले मामला त्रिकोणीय हो गया था, जिसे ऐन मौके पर पार्टी ने संभाल लिया। वहीं कांग्रेस के नेता पंकज मेहता का भाजपा ज्वाइन करना भी यहां कांग्रेस को नुकसान कर गया।

बारां और बूंदी के परिणामोंं ने भी चौंकाया। बूंदी में जहां भाजपा का सफाया हो गया वहीं बारां में कांग्रेस का। बारां के अंता सेे कांग्रेस के बाहूबली मंत्री रहे प्रमोद जैन भाया का हारना चौंका गया। अंता में मतदान से कुछ ही दिन पहले हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा यहां माहौल को पलट गई। बूंदी की हॉट सीट हिंडौली से मंत्री अशोक चांदना ने फिर जीत दर्ज की। पिछले चुनावों के लिहाज से देखें तो हाड़ौती में कांग्रेस एक सीट के नुकसान में रही। पिछले चुनावों में जहां कांग्रेस के पास हाड़ौती में 7 सीटें थीं वहीं इस बार कांग्रेस 6 सीटें ही जीत पाई।

हाड़ौती कुल सीटें 17 : भाजपा— 11, कांग्रेस— 06