कोटा. चिकित्सा मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री परसादी लाल मीना ने कहा कि इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना लागू करने वाला राजस्थान देश का एकमात्र राज्य है, यह योजना शहरी क्षेत्र के जरूरतमंद नागरिकों को रोजगार एवं विकास कार्यों के लिए जीवन दायिनी साबित होगी। जिला प्रभारी मंत्री इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गांरटी योजना के शुभारम्भ अवसर पर वार्ड संख्या 33 रंगपुर पुलिया के नीचे आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
प्रभारी मंत्री मीना ने कहा कि योजना में जरूरतमंद नागरिकों को काम मांगने पर नजदीकी स्थान पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना में बजट की कमी नहीं रहेगी तथा शहरी क्षेत्र में निकायों को आवश्यक कार्य के लिए संसाधनों की कमी नहीं रहेगी। पर्यावरण, जल सरंक्षण से लेकर स्वच्छता, सम्पत्ति निरूपण हेरिटेज सरंक्षण व सेवा संबधी कार्य समय पर पूरे कराए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि हर साल परिवार को 100 दिवस का रोजगार प्रदान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि देश में निशुल्क दवा, निशुल्क जांच एवं चिरंजीवी योजना लागू करने वाला राजस्थान अन्य प्रदेशों के लिए अनुकरणाीय है। अतिथियों ने नवीन औजारों की पूजा-अर्चना कर श्रमिकों को इनका वितरण किया।महापौर उत्तर मंजू मेहरा ने कहा कि शहरी क्षेत्र में रोजगार की गारंटी मिलने से अब नागरिकों की समस्या दूर होगी। उन्होंने कहा कि इस योजना में सभी जनप्रतिनिधियों की महत्ती भूमिका है, हर वार्ड में जरूरतमंदों को जॉबकार्ड बनवाने, रोजगार के लिए चिन्हित करने में सक्रियता से भागीदारी निभाऐं।
समाजसेवी अमित धारीवाल ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देशभर में शहरी क्षेत्र में रोजगार की गारंटी देने वाला राजस्थान अन्य प्रदेशों के लिए अनुकरणाीय बना है। उन्होंने कहा कि इससे नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आने के साथ रोजगार के कारण होने वाला पलायन रूकेगा।
जिला कलक्टर ओपी बुनकर ने कहा कि जिले में सरकार की मंशा के अनुरूप जरूरतमंद नागरिकों को समय पर रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपमहापौर दक्षिण पवन मीना, उपमहापौर उत्तर सोनू कुरैशी, आयुक्त नगर निगम उत्तर वासुदेव मालावत, कांग्रेस नेता रविन्द्र त्यागी, लाडपुरा प्रधान नइमुद्दीन गुड्डू समेत कांग्रेस नेता अधिकारी व पार्षद मौजूद थे।