
शहर में बारिश, बादल व पिछले चार दिनों से छाए कोहरे के बाद शनिवार दोपहर बाद तेज धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि सुबह से रात तक सर्दी व गलन का अहसास होता रहा। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सुबह कोहरे की घनी चादर शहर पर लिपटी रही। इससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। घना कोहरा होने से 700 मीटर से गिरकर दृश्यता 50 मीटर पहुंच गई।
सुबह राहगीर ठिठुरते दिखे। कई जगह लोग अलाव जलाकर सर्दी से बचने की कोशिश करते दिखे। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव के चारों ओर लोग हाथ सेंकते नजर आए। तेज धूप दोपहर में राहत लेकर आई, लेकिन गलन इतनी तेज थी कि लोग ऊनी कपड़ों में लिपटे रहे। कोहरे और सर्दी के कारण यातायात पर भी असर पड़ा, कई ट्रेनें और बसें देरी से चल रही हैं। कोटा शहर का अधिकतम तापमान 5 डिग्री बढ़कर 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 2 डिग्री गिरकर 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
शीतलहर से छूटी धूजणी
बूंदी शहर सहित क्षेत्र में अलसुबह से सुबह दस बजे तक घना कोहरा छाया रहा। शीतलहर का असर होने से कड़ाके की सर्दी रही। घना कोहरा होने से बीस मीटर की दूरी पर भी नजर नहीं आया। विजिबिलिटी कम होने से मेगा हाइवे पर वाहन रेंगते हुए हेडलाइट जलाकर चले। दोपहर बाद हल्की धूप निकली, लेकिन हवा के आगे बेअसर रही। शाम को फिर से गलन बढ़ गई।
दिन में धूप ने गर्माया, सुबह-शाम सर्दी ने सताया
बारां जिले में लगातार दूसरे दिन भी धूप खिली। इससे सर्दी से प्रभावित लोगों को राहत मिली। हालांकि सुबह और शाम को सर्दी का असर बढ़ने से लोगों को परेशानी हुई। इससे पहले शुक्रवार रात और शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। शीतलहर का असर होने से कड़ाके की ठंड रही। घना कोहरा होने से हाइवे पर दृश्यता कम रही। ऐसे में वाहन हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चले। इस बीच न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में नमी का प्रतिशत 53 रहा। हवा की रफ्तार 15 किमी प्रतिघंटे रही।
धूप खिली, लेकिन शीतलहर के आगे बेअसर
झालावाड़ जिले में पिछले तीन दिन से बादल और कोहरे के बाद धूप खिली, लेकिन शीतलहर जारी रही। इससे धूप में भी सर्दी के मारे झुरझुरी छूटती रही। अधिकतम तापमान 24 व न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 3 और न्यूनतम में 4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। वहीं तड़के हल्का कोहरा नजर आया लेकिन कुछ देर बाद छंट गया।
कोहरे का यलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में सर्दी रहने की संभावना है। 19 व 20 जनवरी को कोटा व बारां में कोहरे का असर रहेगा। इसका यलो अलर्ट जारी किया है।
संबंधित विषय:
Published on:
18 Jan 2025 08:29 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
