
मौसम विभाग की जैसी चेतावनी दी वैसा बरसा पानी, दो बड़े बांधों के अचानक खोले गेट, रास्ते हो गए बंद
कोटा. हाड़ौती अंचल में रविवार को मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहा। इससे नदी-नाले उफन गए। बांधों में पानी की आवक बढ़ गई। कोटा बैराज के दो गेट खोलकर 7504 क्यूसेक तथा झालावाड़ जिले के छापी बांध के दो गेट खोलकर 2407 क्यूसेक पानी की निकासी शुरू की गई। उधर, कोटा शहर में दोपहर बाद जोरदार बारिश हुई। इससे शहर की सड़कें लबालब हो गई। कई घरों में पानी भर गया। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में 46.1 एमएम बारिश दर्ज की गई। रविवार शाम 5.30 बजे तक 35.3 एमएम बारिश दर्ज की गई। कोटा में इस सीजन में अब तक औसत बारिश का आंकड़ा 300 एमएम के पार पहुंच गया है।
कोटा जिले के चेचट क्षेत्र में झमाझम बारिश से ताकली नदी उफान पर आ गई। इससे खेड़ली-अमझार लिंक मार्ग पर स्थित खेड़ली की रपट पर ढाई फीट पानी होने के कारण मार्ग आठ घण्टे अवरुद्ध रहा। रामगंजमंडी क्षेत्र में दो घंटे तेज बरसात हुई। मंडाना में 3 घंटे तक बारिश हुई। इससे कलालों के कूट की बस्ती में घरों की दहलीज तक बरसाती पानी पहुंच गया। चम्बल नदी में पानी की आवक के चलते झरेल की पुलिया पर पानी होने से पिछले पांच दिन से खातौली-सवाईमाधोपुर मार्ग बंद है।
बूंदी, नैनवां, नोताड़ा में डेढ़ घंटे जोरदार बारिश
बूंदी जिले में रविवार को बादल मेहरबान रहे और जोरदार बरसात हुई। बूंदी शहर दोपहर में करीब एक-दो घंटे जमकर बरसात हुई। ऐसे में शहर के नाले उफन गए और पानी सडक़ों पर जमा हो गया। नैनवां में डेढ़ घंटे तेज बारिश होने से सडक़ों पर पानी भर गया। नोताड़ा क्षेत्र में डेढ़ घंटे तेज बारिश हुई। इससे रेबारपुरा के निकट खाळ के उफान पर आने से रेबारपुरा-पचीपला मार्ग बंद हो गया। खाळ में अभी तक चार फीट पानी चल रहा है। इसी प्रकार डपटा खाळ के उफान पर आने से डपटा-लबान स्टेशन का रास्ता बंद हो गया। वहीं लक्ष्मीपुरा गांव के खाळ पर उफान आने से नोताड़ा से सम्पर्क कट गया। ऐसे में करीब आधा दर्जन गांवों का सम्पर्क कट गया। कापरेन क्षेत्र में भी बारह बजे से जोरदार बरसात हुई। शाम पांच बजे तक बूंदी में 16, के.पाटन में 2, इन्द्रगढ़ में 28, नैनवां में 86, हिण्डोली में 8 एमएम बारिश दर्ज की गई।
झालावाड़ जिले में जोरदार बारिश
झालावाड़ जिले में गत दो दिन से अच्छी बारिश हो रही है। शनिवार रात को भी कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हुई। रविवार को भी दोपहर कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। जिले में झालरापाटन व झालावाड़ में जोरदार बारिश हुई। झालावाड़ में10, रायपुर में 6, अकलेरा में 7, असनावर में 5, डग में 7, झालरापाटन में 17, खानपुर में 2.5, मनोहरथाना में 13, पचपहाड़ में 6, सुनेल में 24 एमएम बारिश दर्ज की गई।
जिले के कई क्षेत्रों में बरसात, दो बहे, सुरक्षित निकाला
बारां शहर समेत जिले के कई क्षेत्रों में हल्की तथा मध्यम बरसात हुई। शहर में रविवार सुबह से हल्की व तेज बरसात हुई, जो दोपहर तक जारी रही। इस बीच हरनावदाशाहजी थाना क्षेत्र के भटगांव के निकट खाळ की पुलिया पार करते समय रविवार को दो जने बह गए। घटना के समय पुलिया पर दो फीट से अधिक पानी का बहाव था। हालांकि बाद में आसपास के ग्रामीणों ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जिले में बीते 24 घंटे में बारां में 28, अंता में 20, मांगरोल में 31, छबड़ा में 13, अटरु में 27, किशनगंज में 31, शाहाबाद में 11 एमएम बरसात हुई।
Published on:
16 Jul 2023 06:59 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
