
कोटा दशहरा मेला ग्राउंड।
Dussehra News : कोटा के 131वें राष्ट्रीय दशहरा मेले की तैयारियों को लेकर कोटा दक्षिण नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष और मेला समिति अध्यक्ष ने सोमवार को दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्पीकर को दशहरे मेले की तैयारियों को लेकर जानकारी दी।
मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि कोटा के राष्ट्रीय दशहरा मेला की तैयारियों और मेले से संबंधित विभिन्न विषयों को लेकर सोमवार को निगम के प्रतिनिधि मंडल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट की।
बैठक में मेले में आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम सिन्धी कार्यक्रम, आशापुरा भजन संध्या, बाल प्रतिभा कार्यक्रम, सिने संध्या, पंजाबी कार्यक्रम इत्यादि करीब सभी कार्यक्रम किसी संस्था के माध्यम से प्रायोजित करने का प्रयास किया जाएगा। मेले में पहली बार ड्रोन शो डिफेन्स मिनिस्ट्री के माध्यम से करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
80 फीट का रावण, बच्चों के लिए सर्कस
इस बार मेले में रावण का पुतला 75 फीट से बढ़ाकर 80 फीट ऊंचा बनाया जाएगा। इसके लिए तकनीकी विशेषज्ञों की राय ली जा रही है। मेले में सर्कस लगाया जाएगा। मेले में महिलाओं संबंधित आर्टिफिशियल ज्वैलरी और अन्य सामग्री विक्रेताओं को मेले में दुकान लगाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे है।
मोटिवेशनल कार्यक्रम का होगा आयोजन
मेले में एक शाम शहीदों के नाम, लाफ्टर शो व मोटिवेशनल कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। मेले में मोटिवेशनल कार्यक्रम के लिए भी 4-5 नाम प्रस्तावित किए गए हैं।
कन्हैया मित्तल की होगी भजन संध्या
दशहरा मेले में भजन संध्या कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार कन्हैया मित्तल की ओर से प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा मेले में आने वाले लोग इस बार अमरनाथ की गुफा की झांकी के दर्शन का भी आनन्द ले सकेंगे। इसके साथ ही मेले में अयोध्या की तर्ज पर भव्य राम मन्दिर की झांकी बनाने के लिए इस्कॉन टेम्पल के पदाधिकारियों से वार्ता की जा रही है।
पर्यटन विभाग देगा 50 लाख रुपए
राज्य सरकार पर्यटन विभाग के माध्यम से मेला आयोजन के लिए 50 लाख रुपए की राशि निगम को हस्तांतरित करेंगी। इसके अलावा पर्यटन विभाग मेले में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रायोजित करेगा। इस कार्यक्रम का भुगतान पर्यटन विभाग सीधे कलाकारों को करेगा।
कवि सम्मेलन में जुटेंगे देश के ख्यातनाम कवि
मेले में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश में सुप्रसिद्ध कवियों की ओर से काव्य पाठ किया जाएगा।
मेले को लेकर आज फिर बैठक
बैठक के आयोजन के बाद मंगलवार को भी दिल्ली में दशहरे मेले को लेकर बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी, सहायक अभियंता तोसिफ खान, वरिष्ठ सहायक संदीप औदिच्य मौजूद रहे।
Updated on:
2 Sep 2024, 10:58 PM IST
Published on:
2 Sep 2024, 10:58 PM IST
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.