कोटा. नगर विकास न्यास की कोटा के लिए सात व्यावसायिक एवं आवासीय योजनाओं की शुक्रवार को नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने ऑनलाइन लॉन्चिंग की। योजनाओं के तहत नए कोटा शहर में 2,188 आवासीय एवं व्यवसायिक भूखंडों का लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया जाएगा।
यूआइटी की ओर से विकसित क्षेत्र में तैयार की गई इन योजनाओं सभी सुविधाएं पहले से विकसित की जा चुकी हैं। जयपुर से वीसी के जरिए यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल विमोचन कार्यक्रम के दौरान जयपुर में कांग्रेस नेता शिवकांत नंदवाना, राजेंद्र सांखला, न्यास ओएसडी आरडी मीणा सचिव राजेश जोशी भी मौजूद रहे, वहीं कोटा कलेक्ट्रेट में नगर विकास न्यास के चेयरमैन कलेक्टर ओपी बुनकर उप सचिव चंदन दुबे सहित न्यास के अधिकारी विमोचन में शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान न्यास चेयरमैन कलक्टर ओपी बुनकर ने योजनाओं के बारे में जानकारी दी, साथ ही कोटा शहर में चल रहे विकास कार्यों को लेकर कार्य प्रगति के बारे में फीडबैक दिया।
यहां की योजनाओं की लॉन्चिंग
यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल की पहल पर न्यास की ओर से लॉन्च की गई इन 7 योजनाओं के तहत नए कोटा शहर के बालाजी नगर, सुभाष नगर, अनंतपुरा, अजय आहूजा नगर ,गणेश नगर, विनोबा भावे नगर, रानी लक्ष्मीबाई ,श्रीनाथपुरम, आरके पुरम, स्वामी विवेकानंद नगर सहित अन्य क्षेत्रों में आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंडों का लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया जाएगा। आवेदन की तारीख 3 से 31 अक्टूबर तक निर्धारित की गई है।