
स्कूल को अंग्रेजी से वापस हिंदी मीडियम करने और शिक्षकों के खाली पद भरने की मांग
मोठपुर (बारां). शिक्षा मंत्री मदन दिलावर की गृह तहसील अटरू के मोठपुर कस्बा िस्थत महात्मा गांधी सरकारी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय को अंग्रेजी माध्यम से पुनः हिंदी माध्यम में करने और स्कूलों में शिक्षकों की कमी को पूरा करने की मांग को लेकर शनिवार को प्रदर्शन किया। सुबह 8 बजे से 11 बजे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस थाने के सामने धरना देकर जमकर नारेबाजी की और आक्रोश व्यक्त किया। शिक्षा मंत्री के खिलाफ भी नारेबाजी की गई।
सात दिन की चेतावनी देकर उठे
सुबह विद्यालय में छात्र-छात्राएं एकत्रित हुए और यहां से 8 बजे पुलिस थाने के सामने पहुंच गए जहां थाना प्रभारी कमल सिंह ने छात्र-छात्राओं की समस्याओं को सुना एवं समझाइश का प्रयास किया लेकिन छात्र-छात्राएं अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड गए। थोड़ी देर में मौके पर समाजसेवी तरुण मीणा, चिंटू शर्मा, राकेश सरसोदिया समेत अन्य लोगों ने पहुंचकर समर्थन करते हुए मांगों को पूरा करने की मांग की। सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचे तहसीलदार अनिल सामरिया पहंुचे एवं उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के लिए कहा। छात्र-छात्राओं ने तहसीलदार एवं थानाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा व सात दिन की चेतावनी दी।
यह है मामला
प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने बताया कि विद्यालय के इंग्लिश मीडियम होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है एवं पढ़ाई समझ में नहीं आ रही। अब तक तो हिंदी मीडियम में अध्ययन किया लेकिन इंग्लिश मीडियम के बाद से ही पढ़ाई करने में परेशानियां आ रही है। साथ ही विद्यालय में शिक्षकों की कमी भी है। वर्तमान में एक भी व्याख्याता विद्यालय में नहीं है। विद्यालय सूत्रों के अनुसार विद्यालय में आधा दर्जन व्याख्याता एवं सैकंड ग्रेड शिक्षकों के कई पद रिक्त हैं। आगामी समय में छात्र छात्राओं के टेस्ट शुरू होने वाले है लेकिन शिक्षकों की कमी के चलते पढ़ाई नहीं हो पाई।
-मोठपुर और अटरू इंग्लिश मीडियम स्कूलों को हिन्दी माध्यम में भी चलाने का यहां से शिक्षा मंत्रीजी को प्रस्ताव भेजा हुआ है। चूंकि दोनों जगह हिन्दी स्कूल एक तरह से नए खुलेंगे, ऐसे में मंत्रीजी के यहां से भी प्रस्ताव मुख्यमंत्रीजी के पास भेजा गया है।
सीताराम गोयल, जिला शिक्षा अधिकारी
बारां
Updated on:
02 Aug 2026 06:00 am
Published on:
02 Aug 2026 06:00 am
