
Kota News: शहर में कथाओं का दौर जारी है।शहर में जगह-जगह कथा के आयोजन हो रहे हैं। कहीं राम कथा तो कहीं भागवत कथा हो रही है, जहां भक्ति व ज्ञान रस बरस रहा है।
महावीर नगर विस्तार योजना सेक्टर 4 के पावन धाम संकट मोचन हनुमान मंदिर में संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा में उज्जैन के आचार्य गौरव कृष्ण तिवारी ने कथा में कपिल देवहूति संवाद एवं गौरी शंकर भगवान का मंगल विवाह प्रसंग सुनाया। झांकी भी सजाई गई। उन्होंने कहा कि शंकर विश्वास के प्रतीक हैं और माता पार्वती श्रद्धा की प्रतीक हैं। जब तक साधक के हृदय में श्रद्धा और विश्वास का मिलन नहीं होगा, तब तक साधक के हृदय में भक्ति का प्रादुर्भाव नहीं हो सकता।
मित्र हो तो श्रीकृष्ण-सुदामा जैसा
रामपुरा क्षेत्र में संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव एवं ज्ञान गंगा की शुक्रवार को पूर्णाहुति हुई। कथावाचक पंडित राधेश्याम ने कृष्ण-सुदामा मिलन प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि मित्रता करो तो भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा जैसी करो। सच्चा मित्र वही है, जो अपने मित्र की परेशानी को समझे और बिना बताए ही मदद कर दे। पार्षद अमरनाथ शर्मा ने बताया कि समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की।
गोवर्धन लीला का प्रसंग सुनाया
आरकेपुरम सेक्टर-ए के गालव भवन में चल रही श्रीमद भागवत कथा में कथावाचक ऋतुराज शर्मा ने गोवर्धन लीला के प्रसंग का सुनाया। गिर्राज धरण की झांकी सजाई व 56 भोग लगाए। संयोजक दिनेश शर्मा व परिजनों ने प्रारंभ में पूजन किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा का आनंद लिया।
राम का नाम लो
श्रीराधा रत्न बिहारी सेवा समिति की ओर से रामधाम आश्रम में हो रही श्रीमद भागवत कथा में शुक्रवार को कथावाचक पुनीत शर्मा ने वामन अवतार, राम-जानकी विवाह के प्रसंग सुनाए। नंदोत्सव भी मनाया गया। कथा में व्यास पीठ से शर्मा ने कहा कि सारे संसार का सार है राम। राम के नाम में अतुलित बल है। नाम से कष्ट दूर हो जाते हैं। कथा में समिति अध्यक्ष जगदीश सैनी ने बताया कि कथा में गोदावरी धाम के शैलेंद्र भार्गव, विधायक संदीप शर्मा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा का आनंद उठाया।
Updated on:
28 Dec 2024, 10:51 PM IST
Published on:
28 Dec 2024, 10:48 PM IST
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.