कोटा . शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर सोमवार को कोटा व्यापार महासंघ का प्रतिनिधिमंडल सिटी एसपी अंशुमान भौमिया व एएसपी उमेश ओझा से मिला। दोपहर 12 से 2.30 बजे तक चली मीटिंग में एसपी ने व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल से विस्तार से वार्ता की। इस दौरान महासंघ अध्यक्ष क्रांति जैन, महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि पिछले दिनों शहर में हुई तीन आपराधिक घटनाओं से व्यापारी वर्ग सहमा हुआ है। अभी तक अपराधी पकड़ में नहीं आए हैं। उन्होंने जल्द से जल्द अपराधियों को पकडऩे, प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की। रात 12 से तड़़के 5 बजे के बीच अधिकतर घटनाएं होती हैं। इस दौरान गश्त बढ़ाई जाए। अतिक्रमण, अवैध गुमटियों को हटाया जाए।