Kota Police: नयापुर स्थित विवेकानन्द सर्किल पर गुरुवार रात सडक़ पर पैसे से भरे मिले पर्स को लौटाकर इमानदारी का परिचय दिया। पर्स वापस पाकर दम्पत्ति के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
यातायात पुलिस के कांस्टेबल राजाराम ने बताया कि गुरुवार शाम को हैडकांस्टेबल मुरारी के साथ ड्यूटी कर रहे थे। करीब 7 बजे सडक़ पर एक लेडीज पर्स पड़ा दिखा। उसे उठाकर देखा तो उसमें 13 हजार रुपए नगद, सोने की बालियां, बिंदिया का पैकेट व एक सिम रखी मिली। पहले यह सोचकर इंतजार किया कि जिसका भी पर्स गिरा होगा ढूंढ़ता हुआ आएगा तो लौटा देंगे। करीब एक घंटे तक भी कोई नहीं आया तो बैग में रखी सिम को चौराहा पर ही एक मोबाइल की दुकान पर लेकर गए और सिम फोन में लगाकर मालिक का पता लगाया।
सिम मालिक झालावाड़ निवासी निकला
सिम धनराज मालव के नाम की निकली। सिम में निकलने नम्बर पर फोन लगाया तो फोन उठाने वाले ने बताया कि यह नम्बर मेरे भाई धनराज का है और वह कोटा ससुराल गया हुआ है। पुलिस ने धनराज के भाई को पर्स मिलने की जानकारी दी और कहा कि उन्हें नयापुरा चौराहा पर भिजवा दो। कुछ देर बाद ही धनराज पत्नी व साली के साथ मौके पर पहुंचा और बताया कि बाजार में खरीदारी करने निकले थे तो रास्ते में पत्नी का कहीं पर्स गिर गया। पर्स में क्या रखा है तो इसके बारे में पत्नी ने बताया कि पर्स में 13 हजार रुपए, कान की सोने की बालियां व बिंदी का पैकेट व एक सिम रखी है। इसके बाद उनकी आईडी लेकर उन्हें पर्स लौटा दिया।