
नदी के तेज बहाव में गिरा ट्रैक्टर (फोटो: पत्रिका)
Rescue Unique Case: कोटा जिले के कैथून थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक अजीबोगरीब घटनाक्रम सामने आया जिसने प्रशासन और रेस्क्यू टीम को भी चौंका दिया। भारी बारिश के चलते चंद्रलोई नदी उफान पर थी और आलनिया बांध से पानी छोड़े जाने के बाद नदी का जलस्तर और अधिक बढ़ गया। इस बीच भीमपुरा निवासी ट्रैक्टर चालक घनश्याम जान जोखिम में डालते हुए रात करीब 12 बजे पुलिया से ट्रैक्टर पार करने की कोशिश कर रहा था लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वह ट्रैक्टर समेत नदी में बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। कैथून थाना पुलिस और बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। नदी की तेज धार में चालक की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली गई लेकिन घनश्याम का कोई सुराग नहीं मिला। पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और परिजन भी चिंता में डूबे रहे।
जब सुबह हार तक कर प्रशासन उसके घर पहुंचा तो घटनाक्रम ने नया मोड़ लिया और सूचना मिली कि घनश्याम सुरक्षित है और अपने घर पर सो रहा है। दरअसल चालक बहाव में बहते हुए किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल आया था और सीधे घर पहुंचकर चुपचाप सो गया। उसे यह अंदाजा ही नहीं था कि पुलिस और रेस्क्यू टीम उसे पूरी रात नदी में तलाशती रही।
बारिश की आफत चारभुजा-झालर बावड़ी में भी दिखी। परमाणु बिजलीघर मार्ग और स्टेट हाइवे 9- ए जलमग्न हो गया। बस्तियों में पानी घुस गया। आवागमन भी बाधित रहा। चारभुजा नाला पूरे उफान पर रहा।
स्थानीय प्रशासन ने भारी बारिश को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और नालों से दूर रहने की अपील की है। बारिश से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है और कई रास्तों पर जलभराव के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, रावतभाटा और आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 घंटे में और अधिक बारिश की संभावना है।
Published on:
15 Jul 2025 02:09 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
