
कोटा . बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक दिन पहले फिरौती के लिए युवक के अपहरण व हत्या का पुलिस ने गुरुवार शाम को चंद घंटों में ही खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। युवक के दोस्तों ने ही रुपयों के लिए उसका अपहरण कर शराब पिलाकर उसकी हत्या की। बाद में पुलिस व परिजनों को गुमराह करने के लिए फिरौती मांगी। 8 बजे खैराबाद निवासी भूलीबाई ने रिपोर्ट दी कि योगीराज कॉलेज से पॉलिटेक्निक कर रहे उनके पुत्र विशाल मेवाड़ा(19) का अपहरण हो गया है। अपहर्ताओं ने उनके पति बनवारीलाल को फोन कर 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस की स्पेशल टीम तुरंत मामले की जांच में जुट गई।
टीम ने युवक के दोस्तों और परिचितों समेत करीब दो सौ से अधिक लोगों को पूरी रात थाने लाकर पूछताछ की। सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। पूछताछ के दौरान ही गुरुवार सुबह चंद्रलोई नदी के किनारे एक शव मिला। मृतक की पहचान परिजनों ने विशाल के रूप में की। मृतक के दोस्तों से की गई पूछताछ में पूरी वारदात का खुलासा हुआ।
10 बजे अपहरण, 12 बजे हत्या
एसपी ने बताया कि मृतक के दोस्त विक्रांत उर्फ हिमांशु सिंह (18) की गतिविधि संदिग्ध नजर आने पर जब उससे पूछताछ की तो उसने विजेन्द्र सिंह भाटी उर्फ लक्की (20) व प्रदीप कुशवाह उर्फ बिन्नी (18) के साथ मिलकर हत्या करना कबूल किया।
सब्जीवाले के मोबाइल से किया फोन
विक्रांत ने बुधवार सुबह दस बजे सब्जीवाले के मोबाइल से फोन कर विशाल को बुलाया। इसके बाद तीनों उसे अपने साथ विजेन्द्र सिंह के रामराजपुरा स्थित खेत पर लेकर गए। उन्होंने विशाल को शराब पिलाई। शराब के नशे में तीनों ने दोपहर 12 बजे चाकू से उसका गला रेता। बाद में लोहे के सरिये से उसके सिर व चेहरे पर वार कर हत्या की। हत्या के बाद शव को ड्रम में डालकर उस उसे गलाने के लिए नमक डाला। कुछ समय बाद शव को बोरी में रखकर चंद्रलोई नदी के किनारे फेंक आए।
पहचान छिपाने के लिए की हत्या
एसपी ने बताया कि आरोपितों ने आर्थिक तंगी व महंगे शौक पूरे करने के लिए विशाल का अपहरण किया। उसके पिता के पास रुपए होने की जानकारी मिली थी। उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए हत्या की। बाद में फिरौती के लिए फोन किया। जिससे रकम भी उन्हें मिल जाती और हत्या भी ब्लाइंड रहने से वे बच जाते, लेकिन पुलिस ने तीनों आरोपितों लाजपत नगर बोरखेड़ा निवासी विक्रांत सिंह, रामराजपुरा हाल गोकुल कॉलोनी निवासी विजेन्द्र सिंह व मध्य प्रदेश के विश्वरी हाल मन्ना कॉलोनी निवासी प्रदीप कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया। विक्रांत विशाल के साथ पॉलिटेक्निक कर रहा था।
Published on:
03 May 2018 10:42 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
