5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महिला से सामूहिक दुष्कर्म, विरोध करने पर गर्दन पर बोतल से हमला, नाबालिग निरुद्ध

आरोप है कि महिला के बॉयफ्रेंड के दोस्तों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान अश्लील वीडियो भी बना लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने शराब की बोतल से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया।

2 min read
Google source verification
Gang Rape

दुष्कर्म

शहर में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हमले का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के बॉयफ्रेंड के दोस्तों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान अश्लील वीडियो भी बना लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने शराब की बोतल से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। घटना 28 अप्रेल की बताई जा रही है।

रविवार को इस मामले में एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।डीएसपी डॉ. पूनम चौहान के अनुसार बूंदी जिला निवासी 34 वर्षीय महिला अपने बॉयफ्रेंड मुकुल उर्फ धर्मेश से मिलने कोटा आई थी। महिला ने उससे रुकने के लिए कमरा उपलब्ध कराने को कहा था। धर्मेश के व्यस्त होने पर उसने अपने दो दोस्तों को महिला को कमरा दिखाने के लिए भेज दिया था।

महिला के शोर मचाने पर राहगीरों ने रोका

पुलिस ने बताया कि एक नाबालिग और दूसरा झालावाड़ के अकलेरा निवासी विनोद महिला को एक अन्य युवक के कमरे पर ले गए। वहां तीनों ने शराब पी। इसके बाद आरोपियों ने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया, जिसका उसने विरोध किया। इस पर आरोपियों ने शराब की बोतल तोड़कर उसकी गर्दन पर वार कर दिया और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान उन्होंने घटना का वीडियो भी बना लिया।

घटना के बाद आरोपी महिला को नयापुरा छोड़ने के लिए लेकर जा रहे थे। रास्ते में फिर विवाद हुआ और महिला के शोर मचाने पर राहगीरों ने उन्हें रोक लिया। मौके का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए, लेकिन सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को तुरंत एमबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके गले पर टांके लगाए गए। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद महिला ने थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को निरुद्ध कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही, पूरे मामले में बॉयफ्रेंड की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी दोस्ती

पुलिस के अनुसार मुकुल उर्फ धर्मेश और बूंदी निवासी तलाकशुदा महिला की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत के बाद नजदीकियां बढ़ीं। महिला पहले भी कोटा आ चुकी थी। जांच में सामने आया कि दोनों के बीच पूर्व से ही घनिष्ठ संबंध थे।