वर्ष 1980 में हुए विधानसभा के चुनाव खड्डा विधानसभा की जनता ने कांग्रेस के प्रत्याशी महेश प्रसाद को 48.28 प्रतिशत मत देकर विधानसभा में भेजा था। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी । इससे पहले 1977 में जनता लहर में जनता पार्टी के उम्मीदवार श्रीनारायण उर्फ भुलई भाई को 58.15 प्रतिशत के बंपर मतों से दोबारा विधानसभा में भेजा था। भुलई भाई अपनी सादगी और भोजपुरी बोलने के कारण विधानसभा में चर्चित रहे। भुलई भाई से पूर्व बैजनाथ प्रसाद, दशरथ प्रसाद और महाबीर प्रसाद और कृष्णानंद भारती इस क्षेत्र की रहनुमाई कर चुके हैं। 1985 में खड्डा के मतदाताओं ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे बैजनाथ प्रसाद को 51.54 प्रतिशत मत देकर दूसरी बार अपना प्रतिनिधि चुन लिया। इसबार भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी। 1989 में इस क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार पूर्णमासी देहाती मछली चुनाव चिह्न से विजय का सेहरा अपने सिर पर बांधने में सफल रहे।