पुलिस ने बताया कि यह मामला आपसी समझौते के आधार पर निपटाया गया.
ललितपुर. भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का अपमान संपूर्ण भारतवर्ष में कोई सहन नहीं कर सकता, मगर उत्तर प्रदेश के जनपद ललितपुर के ग्राम बांसी में राष्ट्रीय ध्वज का अपमान हुआ। मामला विकास खंड जख़ौरा के ग्राम बांसी के भटयाना प्रार्थमिक स्कूल का है । जहां शिकायत आई थी कि स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल में अध्यापकों द्वारा उल्टा तिरंगा फहराया गया है । इस मामले में स्कूल की प्रधानाचार्य ने पुलिस को एक तहरीर देकर अवगत कराया था कि उन्होंने तो तिरंगा सीधा फहराया था । मगर वहीं के कुछ असामाजिक तत्वों ने स्कूल में घुसकर तिरंगे को उल्टा लगा दिया था । उक्त मामले से संपूर्ण जिला प्रशासन अवगत है । प्रधानाध्यापिका ने पुलिस चौकी बांसी में पन्द्रह अगस्त को ही तहरीर रिसीव कराकर कार्यवाही की मांग की थी, लेकिन चार दिन बीत जाने पर भी राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का मामला पुलिस द्वारा पंजीकृत नहीं किया गया है।
शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी जखौरा इस मामले की जांच करने प्राथमिक विद्यालय भटरया बांसी आए तो उनके समक्ष शिकायतकर्ताओं ने लिखित में कहा कि उपरोक्त मामले को समाप्त कर दिया जाए। हमारे देश की विडम्बना देखिए स्वतंत्रता दिवस पर ध्वज उल्टा लगा था, सब जगह फोटो वायरल हुई, जिलाधिकारी महोदय ने भी जांच कराकर कार्यवाही का आश्वासन दिया था। पुलिस को भी लिखित तहरीर दी गई थी, लेकिन पुलिस ने भी मामला पंजीकृत नहीं किया। झंडा उल्टा था यह बात पूरी तरह सत्य है, इसलिए दोषी पर कार्यवाही होनी चाहिए थी, लेकिन उसमें भी समझौता हो गया है। इस मामले में बांसी चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों ही पक्षों में राजीनामा हो गया है। जिसके चलते कोई कार्यवाही नहीं की गई।
मगर सवाल इस बात का है कि क्या राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का अपमान होने के बाद भी अपमान करने वालों को माफ किया जा सकता है । जबकि इस मामले में या तो प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए थी या फिर उन असामाजिक तत्वों के खिलाफ जिन्होंने तिरंगे को उल्टा फहराने की हिमाकत की थी । मगर इस मामले में जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन द्वारा अभी तक किसी भी दोषी पर कोई कार्यवाही नहीं की गई जो कि बेहद शर्मनाक बात है।