
Unmarried Couples Hotel Rules (photo- gemini ai)
Unmarried Couples Hotel Rules: वैलेंटाइन वीक (Valentine’s Day 2026) यानी प्यार का खास हफ्ता हर साल 7 फरवरी से शुरू होकर 14 फरवरी तक चलता है। इस दौरान कपल्स एक-दूसरे के साथ क्वालिटी टाइम बिताते हैं, गिफ्ट एक्सचेंज करते हैं, बाहर घूमने जाते हैं और अपने रिश्ते को और मजबूत बनाने की कोशिश करते हैं। लेकिन इस रोमांटिक माहौल के बीच कई अनमैरिड कपल्स के मन में चिंता भी बनी रहती है, खासकर होटल में ठहरने या पब्लिक प्लेस पर साथ दिखने को लेकर। उन्हें डर रहता है कि कहीं पुलिस पूछताछ न कर ले या होटल स्टाफ कोई परेशानी न खड़ी कर दे। अगर आपके मन में भी ऐसे सवाल या डर हैं, तो सबसे जरूरी है कि आप अपने कानूनी अधिकारों के बारे में सही जानकारी रखें, ताकि बिना डर के अपने रिश्ते के खास पलों को एन्जॉय कर सकें।
सबसे पहले यह जान लें कि अविवाहित कपल का होटल में साथ ठहरना गैरकानूनी नहीं है। अगर दोनों लोग बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं, तो पुलिस उन्हें सिर्फ इस वजह से परेशान नहीं कर सकती। कानून के अनुसार, होटल में कमरा लेना और साथ रहना व्यक्तिगत फैसला है, जिसे अपराध नहीं माना जाता।
भारत का संविधान हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी अपनी पसंद से जीने का अधिकार देता है। अनुच्छेद 21 के तहत यह मौलिक अधिकार है कि दो वयस्क अपनी सहमति से साथ रह सकते हैं या निजी संबंध बना सकते हैं, इसके लिए शादी जरूरी नहीं है। सुप्रीम कोर्ट भी कई बार साफ कर चुका है कि बालिग लोगों की निजी जिंदगी में बिना वजह दखल नहीं दिया जा सकता।
अगर कोई पुलिस अधिकारी बिना ठोस कारण के आपको परेशान करता है या डराने की कोशिश करता है, तो आप शिकायत कर सकते हैं। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) या वरिष्ठ अधिकारी से शिकायत करें। मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट का सहारा ले सकते हैं। याद रखें बिना वजह परेशान करना आपके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है।
अगर आप दोनों बालिग हैं और आपके पास वैध पहचान पत्र है, तो होटल सिर्फ इस आधार पर कमरा देने से मना नहीं कर सकता कि आप शादीशुदा नहीं हैं। होटल एसोसिएशन ऑफ इंडिया का भी ऐसा कोई नियम नहीं है जो अनमैरिड कपल्स को होटल में रुकने से रोकता हो।
पुलिस का मकसद कपल्स को परेशान करना नहीं होता। अगर किसी होटल में अवैध गतिविधियों, जैसे वेश्यावृत्ति या अपराधियों के छिपे होने का शक होता है, तभी छापा मारा जाता है। अगर छापेमारी के दौरान पुलिस आपसे पूछताछ करे, तो घबराएं नहीं। बस अपना पहचान पत्र दिखाएं और सहयोग करें।
अगर आप दोनों बालिग हैं और आपसी सहमति से साथ हैं, तो डरने की जरूरत नहीं है। कानून आपकी निजी आजादी की रक्षा करता है। बस अपने अधिकार जानें, शांत रहें और किसी भी गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने से न डरें।
Updated on:
13 Feb 2026 05:57 pm
Published on:
12 Feb 2026 04:18 pm
बड़ी खबरें
View Allलाइफस्टाइल
ट्रेंडिंग
स्वास्थ्य
