उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार शिक्षक भर्ती मामले में आरक्षित वर्ग के 17000 अभ्यर्थियों को बड़ा तोहफा देने जा रही है। 69000 शिक्षक भर्ती के मामले में आरक्षित वर्ग के सहायक शिक्षक भर्ती में प्रभावित आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के 17000 रिक्त पदों पर की नई भर्ती की जाएगी। इस आशय का फैसला यूपी के बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ सतीश चंद्र द्विवेदी ने विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में लिया।
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के बेरोजगारों के लिए बड़ी खबर है। जनवरी 2022 से पहले यूपी के प्राइमरी स्कूलों में 17 हजार सहायक अध्यापकों की भर्ती होगी। ये भर्ती 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया से प्रभावित आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए होगी। यानि ओबीसी और एससी के लिए ये सभी पद रिजर्व होंगे। भर्ती प्रक्रिया आज से शुरू हो गई।
शुक्रवार से ही शुरू हो गई भर्ती प्रक्रिया
इस आशय का फैसला यूपी के बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ सतीश चंद्र द्विवेदी ने विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में लिया। उन्होंने बताया कि 24 दिसंबर शुक्रवार से ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिसके तहत 29 दिसंबर तक अभ्यर्थियों की सूची की तैयार की जायेगी। 3 से 5 जनवरी 2022 तक अभिलेखों का परीक्षण होगा। सभी अभिलेखों का परीक्षण होने के बाद 6 जनवरी 2022 को नियुक्ति पत्र के रूप में नये साल का तोहफा दिया जायेगा।
कई महीनों से संघर्षरत थे आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी
बता दें कि 69000 सहायक अध्यापक भर्ती मामले में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। इसके अलावा कई बार मुख्यमंत्री आवास, विभागीय मंत्री के आवास और सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यालय व विधानसभा का घेराव किया था। इन प्रदर्शनों के दौरान अभ्यर्थियों को कई बार पुलिस की लाठियां भी खानी पड़ी थी।
ये भी पढ़े: अब भाजपा सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में निकालेंगी ‘अटल युवा संकल्प यात्रा’, भाजयुमो को सौंपी गई बाइक रैली की जिम्मेदारी
17 हजार अभ्यर्थियों को मिलेगा नये साल का तोहफा
इन सब हालातों से रूबरू होने के बाद शुक्रवार को आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए एक खुशखबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ सतीश चंद्र द्विवेदी ने बापू भवन स्थित अपने कार्यालय में इस आशय की जानकारी देते हुए बताया 69000 सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण की विसंगति को दूर कर आरक्षित वर्ग के प्रभावित अभ्यर्थियों की भर्ती की जायेगी। बेसिक शिक्षा मंत्री ने बताया कि शुक्रवार 24 दिसंबर से इसकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
30 दिसंबर को किया जायेगा सूची का प्रकाशन
डॉ सतीश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि राज्य सूचना विज्ञान केंद्र को प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दे दिये गये है। डॉ द्विवेदी ने बताया कि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों की चयन सूची 28 दिसंबर तक तैयार कर ली जायेगी और 29 दिसंबर को चयन सूची का परीक्षण किया जायेगा। उन्होंने बताया कि राज्य सूचना विज्ञान केंद्र की वेबसाइट पर 30 दिसंबर को सूची का प्रकाशन किया जायेगा।
6 जनवरी 2022 को मिल जायेगा नियुक्ति पत्र
बेसिक शिक्षा मंत्री ने बताया कि इसके बाद अगले साल 3 जनवरी 2022 से 5 जनवरी 2022 तक अभिलेखों का परीक्षण किया जायेगा। बेसिक शिक्षा मंत्री ने बताया कि इसके बाद 6 जनवरी 2022 अभ्यर्थियों को नियुक्त पत्र जारी कर दिये जायेंगे। डॉ द्विवेदी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत 1 लाख 37 हजार पदों पर दो चरणों में की गई चयन प्रक्रिया के बाद लगभग 17 हजार पदों पर नई भर्ती का निर्णय लिया गया है।