2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को सपा INDIA गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेगी। अखिलेश यादव ने इसको लेकर हाल ही में बयान जारी किया है।
आज यानी मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि INDIA गठबंधन अब भी पूरी मजबूती के साथ कायम है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह गठबंधन उत्तर प्रदेश में बदलाव की भूमिका निभाएगा और भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने में निर्णायक सिद्ध होगा।
अखिलेश ने कहा, ‘हमारा इंडिया गठबंधन इंटैक्ट है। जिसको जाना है गठबंधन से चला जाए बाहर। इंडिया गठबंधन लड़ेगा चुनाव’।
अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने हाल ही में कानपुर के सीएमओ के तबादले को लेकर भाजपा सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, "पहले डिप्टी सीएम और मुख्यमंत्री के बीच मतभेद की खबरें आती थीं, अब तो सभी एक-दूसरे से भिड़ते नजर आ रहे हैं। कोई पिट रहा है, तो कोई खुद अपनी स्थिति से परेशान है।"
स्वास्थ्य सेवाओं पर टिप्पणी करते हुए सपा अध्यक्ष ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक है। "यहां मरीजों को दवाओं के नाम पर कोयले जैसा घोल दिया जा रहा है और गलत इंजेक्शन के चलते लोगों की जान जा रही है।" उन्होंने इस मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि सत्ताधारी दल गरीबों और पिछड़ों को न्याय नहीं देने देना चाहता।
इसके अलावा उन्होंने राज्य के बुनकरों की खराब स्थिति पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि बुनकरों को अत्याधुनिक मशीनें और तकनीकी सुविधाएं मिलनी चाहिए, लेकिन सरकार को उनकी समस्याओं की कोई समझ नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सपा सत्ता में आने पर बुनकरों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करेगी।
उत्तर प्रदेश में पिछला विधानसभा चुनाव 2022 में हुआ था। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल मई 2027 तक है। आमतौर पर चुनाव कार्यकाल खत्म होने से कुछ माह पहले ही हो जाते हैं। उम्मीद की जा रही है कि अगला विधानसभा चुनाव फरवरी-मार्च 2027 में आयोजित हो सकता है। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से अभी तक तारीखों की घोषणा नहीं हुई है।
Published on:
17 Jun 2025 03:40 pm