अखिलेश यादव ने कहा है कि उनको कांग्रेस की ओर से कोई न्योता नहीं मिला है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि वो राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि वो भाजपा और कांग्रेस को अलग-अलग नहीं मानते हैं।
गुरुवार को लखनऊ में अखिलेश यादव ने वार्ता की है। इस दौरान उने पूछा गया कि आपने राहुल की य़ात्रा के साथ अपनी भावना होने की बात कही है। ऐसे में क्या आप भारत यात्रा जोड़ो के यूपी में आने के दौरान उसमें शामिल होंगे?
इसके जवाब में अखिलेश ने कहा, ''भावना उनकी यात्रा के साथ है लेकिन हमें कोई न्योता नहीं मिला है। मैं ये भी बता दूं कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस एक हैं।''
राहुल गांधी का भारत जोड़ो यात्रा 3 जनवरी को यूपी में आएगी। कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि उन्होंने अखिलेश यादव, मायावती, जयंत चौधरी और दूसरे विपक्षी नेताओं को यात्रा में शामिल होने का न्योता दिया है।
बीजेपी ने ओबीसी के हक को छीना: अखिलेश
अखिलेश यादव ने निकाय चुनाव को लेकर हाईकोर्ट के फैसले पर कहा है कि ओबीसी का हक और उनका आरक्षण छीनना की एक साजिश भाजपा लगातार कर रही है। पहले यूनिवर्सिटी से ओबीसी के पद खत्म किए और अब निकाय चुनाव में उनका आरक्षण खत्म कर दिया। ये ओबीसी वर्गों की आने वाली नस्लों को खत्म करने की कोशिश है।
सपा प्रमुख ने कहा कि आज ओबीसी का आरक्षण भाजपा ने छीना है, कल दलितों के आरक्षण को भी भाजपा छीनेगी। उन्होेंने कहा कि भाजपा की सोच आरक्षण विरोधी है और ये बाबा साहेब के संविधान को खत्म कर देंगे।