
Atal Ashi visarjan
लखनऊ. भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां गुरुवार को लखनऊ की गोमती नदी में विसर्जित कर दी गईं। भाजपा समेत विपक्षी दलों के कई दिग्गजों की मौजूदगी में झूलेलाल वाटिका में आयोजित श्रद्धांजलि सभा के बाद अटल जी का अस्थी कलश गोमती नदी में प्रवाहित किया गया। ऐसे मौके बेहद कम होते हैं जब सभी दल के नेता एक साथ एकत्रित हो। आज गुरुवार को ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जिसमें विपक्षी पार्टी के दिग्गज नेता न सिर्फ श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए बल्कि अस्थि कलश रथ यात्रा में पैदल भी चले। इनमें सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव सबसे आगे रहे। इनके अलावा सपा नेता शिवपाल सिंह यादव, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर व कल्बे जव्वाद सहित कई नेता श्रद्धांजलि सभा में मौजूद रहे और अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा में पहले गृहमंत्री राजनाथ सिंह व सीएम योगी ने अटल जी को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुलायम सिंह यादव व राज बब्बर ने भी अटल जी के साथ अपनी यादें साझा कीं। अंत में अटल जी की अस्थियों को नम आंखों के साथ गोमती नदी में विसर्जित किया गया।
देश और प्रदेश को आप पर गर्व है: सीएम योगी
सीएम योगी ने झूलेलाल पार्क में 'भारत रत्न' स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के अस्थि विसर्जन से पूर्व आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अटल जी के बारे में कई बाते कहीं। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में होनहार विहान ने जिस तरह संयमित रहते हुए लक्ष्य पर अचूक निशाना लगाया, वह प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित होगा। देश और प्रदेश को आप पर गर्व है।
मुलायम सिंह यादव हुए भावुक-
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव अटल जी की अस्थी कलश यात्रा में पैदल ही शामिल हो गए थे, वहीं जब वे श्रद्धांजलि सभा के मंच पर पहुंचे तो बेहद भावुक दिखे। उन्होंने कहा कि अटलजी मुझे बहुत प्यार देते थे। वो हर 15 दिनों में मुझे खाने पर बुलाते थे और मुझे अक्सर सुझाव देते थे। आज जब वो हमारे बीच नहीं हैं तो उन्हें यादकर मुझे बहुत दुख हो रहा है। उन्होंने पीएम के पद की गरिमा बढ़ाई है। वो सिर्फ एक दल के नेता नहीं थे। उन्होंने पूरी दुनिया में सम्मान प्राप्त किया। उन्होंने हमारे लिए एक आदर्श स्थापित किया है। मुलायम ने बेहद भावुकता के साथ कहा कि उनके लिए देश हित सबसे पहले था। उन्होंने लोगों के दिलों में स्थान बनाया और सभी के लिए वे बड़े आदर्श रहेंगे। उनके निधन पर पूरी दुनिया ने उन्हें सम्मान दिया है।
राजबब्बर ने कहा ये- अटली जी ने इस तरह से मुझे प्यार दिया..
इसी के साथ वहीं मौजूद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि अटलजी को देखकर और उनकी भाषाशैली को सुनकर ही मैंने राजनीतिक चर्चा में हिस्सा लेना शुरू किया था। जब मुझे उनके खिलाफ चुनाव लड़ना पड़ा तो मैंने एक मुलाकात में उनसे कहा कि अटलजी मुझे आशीर्वाद दीजिए कि मैं चुनाव में कुछ ऐसा न कहूं जो गलत हो। अटल जी ने जवाब दिया कि तुमसे कभी भी ऐसा नहीं होगा। राज बब्बर ने कहा कि ये मेरे लिए एक बड़ी बात थी कि मैं एक बड़े नेता के खिलाफ चुनाव मैदान में था और उन्होंने इस तरह से मुझे प्यार दिया। राज बब्बर ने कहा कि अटलजी बड़े दिलवाले नेता थे। बड़े दिलवालों की स्वीकार्यता भी बड़ी होती है। खास बात है कि उनकी सियासत ने उनके अंदर के मनुष्य को कभी दबने नहीं दिया।
अटल जी ने देश का मस्तक ऊंचा किया- राजनाथ सिंह
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद जो भी अटल जी ने किया उससे भारत का मस्तक ऊंचा हुआ हैं। अटल जी लोगों की प्रेरणा के स्त्रोत हैं। उनके जीवन से जुडी कई घटनायें हैं को प्रेरणा देती हैं। निर्भीकता उनके रग रग में समाई थी।
Updated on:
23 Aug 2018, 9:00 PM IST
Published on:
23 Aug 2018, 8:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.