बीटेक छात्रा से छेड़छाड़ फिर मारपीट ये घटना राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाने के पास की है। जहां रात के समय घर लौट रही बीटेक छात्रा को रास्ते में रोक आरोपी ने गालियां दी और विरोध पर हाथ मोड़ कर कई तमाचे मारे।
B.Tech student molested in lucknow : राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाने से कुछ दूरी पर बीटेक छात्रा से छेड़छाड़ फिर मारपीट करने का मामला सामने आया है। छात्रा रविवार रात बहन के साथ घर लौट रही थी तभी सरेराह एक युवक ने छेड़छाड़ की। छात्रा की बहन ने इस बात का विरोध किया तब आरोपी ने उसका हाथ पकड़ कर मोड़ दिया और कई तमाचे जड़कर भाग निकला। पीड़िता के मुताबिक वह और उसकी छोटी बहन बीटेक कर रही है। वह बहन के साथ रविवार को जरूरी काम से निकली थी। रात में दोनों घर लौट रही थी।
वह दोनों दुबग्गा थाने से आगे बढ़कर वी मार्ट के पास पहुंची ही थीं, तभी मलिहाबाद के मिरजापुर निवासी अयान खान बहन से छेड़खानी करने लगा। इस पर उन्होंने विरोध जताया। यह देख आरोपित अयान ने गालियां देते हुए हाथ पकड़कर मोड़ दिया। इसके बाद आरोपित ने एक के बाद कई तमाचे जड़ दिए। चीख पुकार पर आसपास के लोगों को जुटता देख आरोपित मौके से भाग निकला। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा के मुताबिक तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है। घर पर दबिश दी गई पर अभी कुछ पता नहीं चल सका है।