लखनऊ. सीबीआई की टीम ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत मिश्रा 'अंटू' के कानपुर के सिविल लाइंस और लखनऊ के विपुल खंड आवास पर छापा मारा। छापे के दौरान अंटू और उसके माता-पिता सीबीआई के हाथ नहीं लगे। अंटू और उसकी मां विमला मिश्रा और पिता दिनेश चंद्र मिश्रा के खिलाफ एनआरएचएम (नेशनल रूरल हेल्थ मिशन) घोटाले में कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी कर रखा है। वारंट जारी होने के बाद से ही अंटू माता-पिता समेत फरार हैं। सीबीआई अब उन्हें ढूंढने के लिए छापेमारी कर रही है।
आपको बता दें कि एनआरएचएम में हुए करोड़ों के घोटाले में पिछली मायावती की सरकार में अंटू स्वास्थ्य मंत्री थे। अंटू और उनके माता-पिता इस घोटाले में आरोपी हैं। उन पर आरोप है कि आय से अधिक संपत्ति अर्जित कर माता-पिता के नाम फर्जी कंपनियां बनाकर उन्होंने करोड़ों का घोटाला किया। कानपुर का एक चर्चित चार्टर्ड अकाउंटेंट अंटू के मामले में सरकारी गवाह बन गया है। इसी सीए ने कोलकाता के रास्ते अंटू के माता-पिता के नाम पर कागजों पर चलने वाली कंपनियां खरीदी थी। खातों में हेरफेर कर करोड़ों के काले धन को सफेद बनाया गया था। इसलिए द्वारा दी गई जानकारियों के बाद सीबीआई ने की तमाम संपत्तियों की जानकारी जुटा ली हैं। बताया जा रहा है इस सीए के विदेशों में भी दफ्तर हैं। सीबीआई गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।