मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट को देहरादून के हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया गया है...
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट को डिहाइड्रेशन के चलते सोमवार को देहरादून के हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति में सुधार है। इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार के बाद अब उन्हें अस्पताल के विशेष वार्ड में रखा गया है। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने फोन करके अपने पिता के हाल-चाल लिए।
योगी के पिता अस्पताल में भर्ती
हॉस्पिटल के सीनियर डॉक्टर डॉक्टर अकरम की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। जानकारी के मुताबिक सोमवार की शाम आनंद बिष्ट की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। उसके बाद उन्हें हिमालयन अस्पताल के इमरजेंसी में वार्ड में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया। हॉस्पिटल की टीम गंभीरता से उनके उपचार में जुटी हुई है।
डिहाइड्रेशन के चलते भर्ती
हिमालयन अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी केसी जोशी ने बताया कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता को डिहाइड्रेशन के चलते अस्पताल लाया गया है। लूज मोशन की वजह से उनका बीपी लो हो गया था। जोशी ने बताया कि में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है। योगी के पिता के साथ उनकी पत्नी सावित्री देवी भी अस्पताल में हैं। वहीं सीएम योगी की तबीयक के बारे में सुनकर बहुत से लोग उनका हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।
सीएम योगी ने जाना हाल
पिता की तबीयत खराब होने की खबर पाते ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने तुरंत फोन करके उनका हाल जाना। सीएम योगी ने उत्तराखंड सरकार से भी संपर्क साधकर पिता के उचित इलाज की व्यवस्था करने को कहा है। आपको बता दें कि सीएम योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट उत्तराखंड में यमकेश्वर के पंचूर गांव में रहते हैं। आनंद सिंह बिष्ट उत्तराखंड में फॉरेस्ट रेंजर के पद पर थे। वह 1991 में नौकरी से रिटायर हो गए थे। रिटायरमेंट के बाद से ही वह गांव में ही रहते हैं। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ बचपन से ही गोरखपुर महंत अवैद्यनाथ के पास रहने के लिए आए थे। जहां बाद में उन्होंने महंत की गद्दी संभाली।