
CM Yogi
लखनऊ. सीएम योगी ने यूपी राज्य आपदा प्रबंध प्राधिकरण के शासी निकाय की बैठक में राहत आयुक्त संजय कुमार के शामिल न होने के चलते उन्हें पद से हटा दिया है। गुरुवार को करीब 6 वर्ष बाद पुनर्गठन होने के बाद राज्य आपदा प्रबंध प्राधिकरण की बैठक राजधानी में हुई थी। इसमें शासी निकाय के समक्ष बैठक का एजेंडा राहत आयुक्त संजय कुमार को ही प्रस्तुत करना था। बैठक में सीएम योगी व कई मंत्री समेत प्रमुख सचिव गृह भी मौजूद थे, लेकिन राहत आयुक्त संजय कुमार का कोई अता-पता नहीं था। मीटिंग भी आधे घंटे देरी से शुरु हुई थी और संजय को तो सबसे पहले इस मीटिंग में पहुंचना था। इस लापरवाह रवैये को लेकर सीएम योगी ने कड़ी नाराजगी जताई और उन्हें तत्काल हटाने का निर्देश भी दे दिया।
उन्हें आराम के लिए भेज दीजिए-
संजय कुमार की इस महत्वपूर्ण बैठक में न आने की सूचना से बिफरे सीएम योगी ने उनके न आने का कारण पूछा तो अफसरों ने दलील दी कि बैडमिंटन खेलने के दौरान उनका कंधा डिसलोकेट हो गया, जिसकी वजह से वह बैठक में नहीं आ पाए हैं। सीएम इस कारण से बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं दिखे और उन्होंने यह कहते हुए उन्हें हटाने का निर्देश दिया कि 'फिर तो उन्हें आराम करने के लिए भेज दीजिए।' बैठक में सीएम के इस सख्त फैसले से वहां सन्नाटा छा गया। वहीं, उसी वक्त सीएम के निर्देश पर हाल ही में शासी निकाय का पुनर्गठन किया गया है। बताया जा रहा है कि सीएम योगी को संजय कुमार की पहले से ही कई शिकायतें मिल रही थी।
कौन है संजय कुमार-
संजय कुमार 2002 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और मूल रूप से बिहार के निवासी हैं। इससे पहले वो इलाहाबाद के डीेएम भी थे। उनकी पत्नी अपर्णा भी एक आइपीएस अफसर हैं। संजय कुमार को फोटोग्राफी का शौक है और वो सीतापुर के डीएम भी रह चुके हैं।
Published on:
21 Sep 2018, 4:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.