
फोटो में सीएम योगी (सोर्स: ANI)
उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में आंधी-बारिश और ओले गिरने से किसानों की फसलें चौपट हो गई हैं। बागवानी किसानों को भी बड़ा नुकसान हुआ है। सीएम योगी आदित्यवाथ ने किसानों को हुए नुकसान की भरपाई करने का आदेश दिया है। सीएम ने अश्वासन दिया है कि सरकार किसानों और प्रदेश के लोगों के साथ खड़ी है।
राजधानी लखनऊ समेत करीब 22 जिलों में आज सुबह जबरदस्त बारिश हुई और कुछ जिलों में ओले गिरे। आज सुबह तड़के ही बारिश शुरू हो गई। सुबह-सुबह लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, पीलीभीत, सिद्धार्थनगर, कानपुर, अयोध्या, सीतापुर, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, फर्रुखाबाद, एटा और मैनपुरी समेत 22 जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। इस दौरान अयोध्या, सीतापुर और बारांबकी में ओले गिरे। आंधी-बारिश के दौरान कई जिलों में घने बादलों की वजह से अंधेरा छा गया। आंधी के साथ हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है।
CM योगी ने आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का 24 घंटे में मुआवजा देने का आदेश दिया है। इसके साथ ही सीएम ने खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूरी प्रशासनिक मशीनरी सक्रिय रहे। CM ने कहा कि जनता की मदद के लिए हर संभव प्रयास किया जाएं, ताकि विपरीत मौसम का असर न्यूनतम रहे।
CM योगी ने मौसम से प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनहानि, पशुहानि, घायलों और आपदा प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। CM ने कहा कि प्रदेश सरकार हर कठिन परिस्थिति में किसानों और प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है।
CM ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश देते हुए कहा कि खराब मौसम के कारण कई जिलों में सड़क दुर्घटनाओं की भी सूचना मिली है। ऐसे स्थानों पर राहत और बचाव कार्य तेज गति से चलाए जाएं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि आंधी और बारिश के चलते किसानों और आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि नुकसान को कम से कम किया जा सके।
CM ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे फील्ड में रहकर स्थिति का जायजा लें। इसके साथ ही उन्होंने अन्य फील्ड अधिकारियों को भी प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करने और राहत कार्यों में बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति और आवश्यकता से जुड़ी सूचनाएं समय पर शासन को उपलब्ध कराई जाएं, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जा सके।
Updated on:
04 May 2026 04:36 pm
Published on:
04 May 2026 04:34 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
