
Assembly Elections Result: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections) में मतगणना के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को जबरदस्त बढ़त मिली है। बंगाल में बीजेपी मिले प्रचंड बहुमत से उत्तर प्रदेश में पार्टी नेताओं में खुशी का माहौल है। लखनऊ स्थित बीजेपी मुख्यालय पर पार्टी नेताओं ने जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी।
बंगाल सहित अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिले बहुमत पर पार्टी नेताओं में खुशी की लहर है। बीजेपी को मिले बहुमत पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट मंत्रियों के साथ जश्न मनाया। इस दौरान सीएम योगी ने कैबिनेट मंत्रियों को मिठाई बांटी। कैबिनेट मंत्रियों ने जीत की खुशी में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया और बधाई दी।
CM योगी ने अपने 'X' अकाउंट पर लिखा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं लोक-कल्याणकारी नीतियों पर देश वासियों का अटूट विश्वास है, जो आज विधानसभा चुनाव के ऐतिहासिक परिणामों के रूप में पुनः परिलक्षित हुआ है। उन्होंने आगे लिखा- पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार और पुड्डुचेरी में दूसरी बार भाजपा-NDA गठबंधन की सरकार बनना इसी अगाध विश्वास का सुफल है। जन-जन का यह अभूतपूर्व जनादेश प्रधानमंत्री के 'नए भारत-विकसित भारत' के विराट संकल्प की सिद्धि को एक नई गति प्रदान करेगा।
CM ने आगे लिखा- इस ऐतिहासिक विजय हेतु बीजेपी बंगाल, बीजेपी आसाम और बीजेपी पुड्डुचेरी के सभी समर्पित पदाधिकारियों, कर्मठ कार्यकर्ताओं व विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई। सुशासन व राष्ट्रवाद को अपना बहुमूल्य आशीर्वाद प्रदान करने वाली जनता-जनार्दन का हृदय से आभार एवं अभिनंदन।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में बीजेपी को मिले बहुमत पर भाजपा नेता-कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ जश्न मनाया। इस दौरान केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने झालमुड़ी खाई। ब्रजेश पाठक ने भाजपा का झंडा लहराया और महिला कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े पर डांस किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर वाला खिलौना दिखाते हुए बुलडोजर बाबा के नारे लगाए।
डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने पार्टी नेताओं के जश्न के बाद सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने 'X' पर लिखा- यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार तथा पुडुचेरी में दूसरी बार भाजपा-एनडीए गठबंधन के विजयी होने के उपलक्ष्य में लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित विजय उत्सव में भाजपा के सम्मानित पदाधिकारीगण एवं देवतुल्य कार्यकर्ताओं के साथ सम्मिलित हुआ। तत्पश्चात, पत्रकार बंधुओं से प्रेस वार्ता की।
Published on:
04 May 2026 05:31 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
