लखनऊ. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। यूपी की दिग्गज नेता रीता बहुगुणा जोशी बेटे मयंक जोशी सहित भाजपा में शामिल हो गईं। उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमितशाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल कराया गया। भाजपा में शामिल होते ही रीता बहुगुणा जोशी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा, साथ ही प्रशांत किशोर को भी आड़े हाथ लिया।
रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि वह समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के चंगुल से उत्तर प्रदेश को बचाना चाहती हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यूपी हर विभाग में माफियाराज, खनन, भूमि, शराब माफिया हावी हैं। प्रदेश में जातिवाद का जहर बोया गया है।
राहुल पर साधा निशाना
रीता बुहगुणा जोशी निे कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी में सुनने की क्षमता नहीं है, जबकि सोनिया गांधी सबकी बात तसल्ली से सुनती थीं। कहा कि राहुल के खून पर दलाली वाले बयान ने पार्टी छोड़ने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राहुल ने अनुचित बया देकर दुनिया में भारत की साख गिराने का काम किया है। रीता जोशी ने मोदी और सेना की तारीफ करते हुए कहा कि सेना सक्षम है लेकिन पीएम मोदी ने उसे समर्थन देकर और मजबूत बनाया।
पीके हमें सिखा रहे थे राजनीति
रीता बहुगुणा जोशी ने कांग्रेस के मुख्य चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हमें राजनीति सिखा रहे थे। उन्होंने कभी कांग्रेस की कमजोरियों पर ध्यान नहीं दिया। रीता ने कहा कि कांग्रेस में विचारों के अभिव्यक्ति का अधिकार नहीं है। प्रशांत किशोर बताते हैं कि कब बोलना है और कितना बोलना है। उठने बैठने तक के लिए वही बताते हैं।
इसलिए छोड़ी पार्टी
पिछले कुछ समय से रीता बहुगुणा जोशी कांग्रेस पार्टी में अपनी अनदेखी से नाराज हैं। महिला कांग्रेस अध्यक्ष रह चुकी रीता जोशी को उत्तर प्रदेश कांग्रेस में कुछ महीने पहले हुए फेरबदल में कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी गई। राहुल की गांधी की यात्रा में खासी तवज्जो न मिलना भी इसका एक बड़ा कारण है। इसके अलावा रीता बहुगुणा जोशी के रहते हुए पार्टी ने यूपी में शीला को चुनाव का चेहरा घोषित किया, जबिक रीता जोशी यूपी में कांग्रेस की सीनियर महिला नेता मानी जाती हैं। इसके बाद से उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं।
राजबब्बर ने कहा- कोई फर्क नहीं पड़ेगा
रीता बहुगुणा जोशी के भाजपा में शामिल होने को कांग्रेस पार्टी के लिए बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस ने जहां शीला दीक्षित को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री चेहरा बनाकर ब्राह्मण वोट साधने को कोशिश की थी, वहीं रीता बहुगुणा जोशी के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी की इस मुहिम को तगड़ा झटका माना जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि रीता बहुगुणा के पार्टी छोड़ने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।