परिवार में रार के मद्देनजर उपजी अटकलों पर विराम लगाते हुए समाजवादी पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव और सपा के प्रांतीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की महत्वाकांक्षी रथयात्रा की रवानगी के कार्यक्रम में शिरकत की और कार्यकर्ताओं को एकता का संदेश देने की कोशिश की। कार्यक्रम में सबकी निगाहें हाल में अखिलेश के मुकाबले नजर आये उनके चाचा शिवपाल पर थीं, लेकिन सपा मुखिया के साथ उनके भी मंच पर पहुंचने से उनकी शिरकत को लेकर उठ रहे सवालों को जवाब खुद-ब-खुद मिल गया। मुलायम ने रथयात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मंच पर अखिलेश के साथ पत्नी डिंपल यादव, राजा भइया, अरविंद सिंह गोप, गायत्री प्रजापति, बलराम यादव समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता भी मौजूद रहे।