
लखनऊ. आगामी 5 से 8 अक्टूबर के बीच भारतीय अन्तर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव के मौके पर राजधानी में दुनिया भर के वैज्ञानिकों का जमावड़ा दिखेगा। इस महोत्सव का मुख्य आयोजन स्थल ‘‘इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान होगा। इस महोत्सव की थीम ‘‘साइन्स फार ट्रांसफारमेशन-साइन्स एण्ड टेक्नोलाॅजी फार बिल्डिंग पार्टनरशिप्स इम्पैक्टिंग सोसाइटी’’ है। डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा की अध्यक्षता में आज यहां सचिवालय में भारत सरकार के अधिकारियों के साथ भारतीय अन्तर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव-2018 के तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में हुई चर्चा
डॉ दिनेश शर्मा ने विज्ञान महोत्सव को सफल बनाने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, शौचालय, सुरक्षा, व्यवस्था, पानी, बिजली, परिवहन, आवासीय व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, सीवरेज की साफ-सफाई, सफाई कर्मी, प्रचार प्रसार, अतिक्रमण को दूर करना, स्मारक स्थलों की सजावट, एम्बुलेंस एवं अन्य चिकित्सकीय सुविधा के साथ अन्य आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित विभाग आपस में समन्वय स्थापित करके महोत्सव का सफल आयोजन करें। पूर्व में तीन बार भारतीय अन्तर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव का सफल आयोजन क्रमशः वर्ष 2015 व 2016 में नई दिल्ली में तथा तीसरा वर्ष 2017 में चेन्नई में किया गया।
जानें क्या-क्या होगा महोत्सव में
विज्ञान महोत्सव में साइन्स विलेज का भी आयोजन किया जायेगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण समाज के सामने आ रही चुनौतियों का वैज्ञानिक समाधान उन तक पहुंचाया जाना है। विज्ञान महोत्सव का आयोजन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा विज्ञान भारती के सहयोग से पृथ्वी-विज्ञान मंत्रालय द्वारा किया जायेगा, जबकि जैव प्रौद्योगिकी विभाग तथा नेशनल इंस्टीट्यूट आॅफ इम्युनोलाॅजी इस कार्यक्रम के समन्वयक होंगे।इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य शोध एवं औद्योगिक क्षेत्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना, विज्ञान एवं औद्योगिक परिषदों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करना, आमजन में वैज्ञानिक सोच को लोकप्रिय बनाना, उद्योग एवं वैज्ञानिकों के मध्य सूचनाओं के आदान प्रदान की प्रक्रिया को सुविधाप्रद बनाना, छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा सभी राज्यों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के विकास पर बल देना है।
Published on:
24 May 2018 10:48 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
