Baby Rani Maurya : उत्तराखंड के राज्यपाल की कुर्सी ठुकराने वाली बेबी रानी मौर्य को योगी सरकार 2.0 (Yogi Government 2.0) में कैबिनेट मंत्री के पद से नवाजा गया है। एक साधारण भाजपा कार्यकर्ता फिर मेयर के पद से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने वाली बेबी रानी मौर्य अब सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री की भूमिका निभाती नजर आएंगी।
Baby Rani Maurya : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के बाद योगी सरकार 2.0 (Yogi Government 2.0) का शपथ ग्रहण समारोह (Oath ceremony) के साथ मंत्रिमंडल का भी ऐलान कर दिया गया है। योगी आदित्यनाथ को जहां एक फिर से मुख्मंत्री बनाकर यूपी की कमान सौंपी गई है। वहीं, केशव प्रसाद मौर्य के साथ ब्रजेश पाठक को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। जबकि उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल व आगरा ग्रामीण सीट से विधायक बनी बेबी रानी मौर्य (Baby rani maurya) को कैबिनेट मंत्री के पद से नवाजा गया है। हालांकि पहले उन्हें भी डिप्टी सीएम बनाए जाने को लेकर चर्चा थी। एक साधारण भाजपा कार्यकर्ता से अपनी रानीतिक पारी की शुरुआत करने वाली बेबी रानी मौर्य मेयर से लेकर उत्तराखंड की राज्यपाल (Governor) तक की अहम भूमिका निभा चुकी हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में बेबी रानी मौर्य ने आगरा ग्रामीण सीट से बड़ी जीत दर्ज की थी।
बेबी रानी मौर्य का राजनीतिक करियर (Baby Rani Maurya Political Career)
बेबी रानी मौर्य ने 1990 में अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत एक भाजपा कार्यकर्ता के तौर पर की थी। 1995 से 2000 तक आगरा की पहली महिला मेयर रहीं। 1997 में उन्हें उत्तर प्रदेश रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया और 1998 में नारी रत्न पुरस्कार दिया गया। 2001 में वह राज्य समाज कल्याण बोर्ड की सदस्य बनीं और फिर 2002 में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य बनीं। इसके बाद उन्होंने 2007 के विधानसभा चुनाव में एत्मादपुर सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन वह हार गईं। 2013 से 2015 तक वह भाजपा प्रदेश मंत्री रहीं। इसके बाद उन्हें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया। लेकिन, 8 दिसंबर 2021 को राज्यपाल के पद से इस्तीफा देकर वह यूपी चुनाव 2022 में आगरा ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ी और भारी बहुमत से जीत हासिल की।
बेबी रानी मौर्य का परिवार (Baby Rani Maurya Family)
बेबी रानी मौर्य का जन्म 15 अगस्त 1956 को यूपी के आगरा जिले में ही हुआ था। उन्होंने आगरा से ही बीएड और एमए की है। उनके पति का नाम प्रदीप कुमार है, जो कि पीएनबी में निदेशक और वरिष्ठ प्रबंधक के पद रिटायर्ड हैं। जबकि उनके ससुर आईपीएस अफसर रह चुके हैं। उनका बेटा अभिनव मौर्य इंजीनियर हैं। वह अमेरिका में रहता है और बेटी भी अमेरिका शिफ्ट हो चुकी है।
बेबी रानी मौर्या की संपत्ति (Baby Rani Maurya Property)
वर्तमान में भाजपा विधायक बेबी रानी मौर्य के पास बैंकों में 21.06 लाख रुपए हैं। इसके साथ ही उनके पास 2.95 लाख रुपए के शेयर हैं। एलआईसी समेत अन्य पॉलिसी 3 लाख रुपए और 5.50 लाख रुपए की ज्वेलरी है। 10 लाख रुपये अन्य साधनों से प्राप्त हैं। बता दें कि ये जानकारी उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए दिए अपने हलफनामे में दी है।