
यूपी में अब शाम छह से सुबह सात बजे तक बिजली कटौती नहीं : सीएम योगी
लखनऊ. बिजली संकट से जूझ रहे यूपी में बिजली कटौती पर योगी सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, उत्तर प्रदेश के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में शाम 6 बजे से सुबह 7 बजे तक निरन्तर विद्युत आपूर्ति होगी। इस वक्त जनता नवरात्रि व रामलीला का आनन्द उठा रही है। उनकी खुशी में बाधा न पड़े इसलिए रात्रि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति जरूरी है। रात्रि में किसी भी प्रकार की बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं होगी। साथ ही सीएम योगी ने कहा कि विद्युत संयंत्रों को पर्याप्त कोयला आपूर्ति के लिए सभी सार्थक कदम उठाए जाएं।
बिजली संकट पर बैठक :- सीएम योगी ने बिजली संकट के बीच सोमवार शाम अपने सरकारी आवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सभी सम्बंधित अधिकारियों संग बिजली आपूर्ति की समीक्षा की। सीएम योगी ने यूपीपीसीएल चेयरमैन एम देवराज को प्रदेश में विद्युत संयंत्रों की कोयला आपूर्ति की गहन समीक्षा करने के निर्देश दिए।
त्रुटिपूर्ण विद्युत बिल से बचें :- सीएम योगी ने कहाकि, त्रुटिपूर्ण विद्युत बिलों से उपभोक्ता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। एग्रीमेंट के अनुसार कार्य न करने पर विद्युत बिलिंग एजेंसियों की सिक्योरिटी जब्त की जाए। एफआईआर दर्ज कर उन्हें ब्लैक लिस्ट भी किया जाए।
ओटीएस लागू करें :- सीएम योगी ने कहाकि, शीघ्र ही एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) लागू करने के निर्देश दिए। खराब ट्रांसफामरों को ग्रामीण इलाकों में 48 तथा शहरी क्षेत्रों में 24 घंटों में आवश्यक रूप से बदला जाए।
भुगतान के बाद तत्काल कनेक्शन :- सीएम योगी ने कहाकि, किसानों को दी जाने वाली सब्सिडी के संबंध में तत्काल कार्यवाही की जाए। जिन किसानों ने कनेक्शन के लिए भुगतान कर दिया है, उन्हें तत्काल कनेक्शन दिया जाए।
सिर्फ 17500 मेगावाट बिजली की सप्लाई : चेयरमैन एम. देवराज
पावर कारपोरेशन चेयरमैन एम. देवराज ने बताया कि, दस अक्तूबर गांवों व तहसील पर निर्धारित शिड्यूल से अधिक सप्लाई दी गई है। गांवों को निर्धारित शिड्यूल 18 घंटे की अपेक्षा 20 घंटे और तहसील मुख्यालयों को करीब 30 मिनट अधिक बिजली की सप्लाई की गई। उत्तर प्रदेश में बिजली की मांग और आपूर्ति का संकट सोमवार को भी बरकरार रहा। पीक आवर में राज्य में 20 हजार मेगावाट मांग की तुलना में 17500 मेगावाट बिजली की सप्लाई की गई। पावर कारपोरेशन के सूत्रों के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्रों में चार से नौ घंटे तक की कटौती हुई। जिला मुख्यालयों को अभी कटौती से मुक्त रखा गया है।
Published on:
12 Oct 2021 09:27 am
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
