
वह मर गया सुसाइड नोट में लिखा- पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष हैं पॉवरफुल, न लेना पंगा
फैजाबाद. कानपुर में आईपीएस सुरेंद्र दास सुसाइट केस अभी शांत नहीं हुआ था कि फैज़ाबाद में एक युवक ने फंदे पर झूल कर जिंदगी खत्म कर सनसनी फैला दी है। युवक ने मरने से पहले सुसाइड नोट भी लिखा था। जिसके सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस के साथ सियासत तक में हड़कंप मचा हुआ है। युवक ने सुसाइड नोट में यूपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष निर्मल खत्री के ‘ताकतवर’ होने की बात लिखी है। मृतक का नाम संदीप पांडे बताया जा है।
कांग्रेस नेता पर लगाए आरोप
मृतक संदीप अपने परिवार के साथ कोठापार्चा क्षेत्र में रहता था। बताया जा रहा है कि पूरा मामला ड्योढ़ी इलाके में स्थित एक स्कूल से जुड़ा हुआ है। मामला इस समय हाईकोर्ट में लंबित है। स्कूल मैनेजमेंट में संदीप की मां सदस्य हैं। मृतक की मां सत्या पांडे ने कांग्रेस नेता निर्मल खत्री पर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि खत्री ने उनको बेदखल कर स्कूल पर कब्जा जमा लिया है। ट्रस्ट से बाहर किए जाने के बाद संदीप की माता और पिता ने रजिस्ट्रार ऑफ सोसाइटी कंपनीज में दावा दायर किया लेकिन वहां से कोई राहत नहीं मिली। सबूतों के अभाव में दोनों का दावा खारिज कर दिया गया। इसके बाद संदीप के माता पिता ने हाईकोर्ट का रुख किया और अपील दाखिल की। उच्च न्यायाल में यह मामला बीते 9 साल से लंबित है।
ये लिखा था सोसाइट नोट में
इसी विवाद के चलते संदीप ने अपने घर पर फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले संदीप ने अपना दर्द सुसाइड नोट में लिखा है। इसमें लिखा है, “मम्मी पापा आप निर्मल खत्री से मुकदमा मत लड़िए। वह बहुत पावरफुल आदमी है।”
कांग्रेस नेता ने दी सफाई
वहीँ इस पूरे मामले पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने कहा कि आरोप निराधार है मुकदमा मृतक के मां बाप ने ही किया है और सबूतों के अभाव में रजिस्टार आफ सोसाइटीज कंपनी से मुकदमा भी हार चुके हैं। अब मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। रही बात धमकी की तो सारा शहर जानता है निर्मल खत्री किस तरह के आदमी हैं कि क्या वह किसी को धमकी दे सकते हैं। फिलहाल मामला अब पुलिस के पास है कोतवाली नगर पुलिस को इंतजार है मृतक के परिजनों की तरफ से तहरीर का। प्रभारी एसएसपी ने भी कहा है कि तहरीर मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
4 Oct 2018, 2:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.