
पार्क बंद होने का सही समय नहीं बता पाए प्रबंधक और गिरी गाज,पढ़िए पूरी खबर
लखनऊ ,एलडीए उपाध्यक्ष अभिषेक प्रकाश ने बौद्ध विहार शान्ति उपवन का भी निरीक्षण किया। यहाँ प्रबन्धक योगेंद्र कुमार ने अवगत कराया कि यह पार्क शाम 6.30 बजे बन्द हो जाता है। जिससे स्पष्ट हुआ कि उन्हें पार्क के बन्द होने के सही समय का ज्ञान नहीं है तथा पार्क को रात्रि 9.00 बजे के स्थान पर सायं 6.30 बजे ही बन्द कराया जा रहा है। इसके अलावा पाया गया कि बौद्ध विहार शान्ति उपवन में साफ-सफाई की स्थिति अच्छी नहीं है।
यहां सुरक्षा के लिए तैनात कर्मचारियों द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि उनके लिये बनाये गये शौचालयों व पेयजल हेतु लगाये गये नलों में विगत छः माह से पानी नहीं आ रहा है और निरीक्षण के समय ही आज ही पानी की व्यवस्था की गई है। पेड़-पौधों के रख-रखाव में भी कमियाँ पायी गई। बौद्ध विहार शान्ति उपवन में पायी गई इन अनियमितता एवं कमियों के मद्देनजर योगेन्द्र कुमार-प्रबन्धक, देवराज-सुपरवाइजर एवं अभिषेक सिंह-सुपरवाइजर को निलम्बित करते हुए विभागीय कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये।
साथ ही पौधों के रख-रखाव में कमियाँ पाये जाने के कारण इकरारअली, व्यवस्थापक (उद्यान) का वेतन बाधित करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त किये जाने के निर्देश दिये गये। वहीं, लाइब्रेरी के नोटिस बोर्ड पर गंदगी को देखते हुए लाइब्रेरियन गीता से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिये गये।
Published on:
09 Jul 2021 09:29 pm

बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
