
Akhilesh Mayawati
लखनऊ. Manish Gupta Gorakhpur News. कानपुर के कारोबारी मनीष गुप्ता (Manish Gupta) की मौत मामले में सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) से पहले ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) कानपुर पहुंच गए और मनीष के परिवार को सांत्वना दी। बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती (Mayawati) भी पीछे नहीं रहीं। उन्होंने मामले में सीबीआई जांच की मांग की। मामले में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) ने भी बयान दिया व कहा कि इस सरकार में जंगलराज है।
उधर मामले में गोरखपुर पुलिस अपने ही जाल में फंसती नजर आ रही है। पुलिस का बयान था कि मनीष की मौत एक हादसे में हुई, बल्कि कमरे में बेड के नीचे खून से सना तौलिया बरामद हुआ है, जिससे पता चल रहा है कि पुलिस ने बड़ी ही चालाकी से कमरे में फैले खून को साफ किया। पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवालों के बीच सीएम योगी ने प्रदेश में अपराधी छवि वाले पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने के सख्त निर्देश दे दिए हैं।
सरकार पूरे मामले को दबाना चाहती है: अखिलेश यादव
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को मृतक मनीष के घर पहुंचे। उन्होंने मनीष गुप्ता की पत्नी तथा परिवार के अन्य लोगों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले को दबाना चाहती है। पुलिस ने होटल से सभी सुबूत मिटा दिए हैं। इस मामले में डीएम और एसएसपी को तत्काल निलंबित किया जाना चाहिए और इलाहाबाद हाईकोर्ट के सिटिंग जज से मामले की जांच कराई जानी चाहिये। उन्होंने समाजवादी पार्टी की तरफ से पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की। इसके साथ ही प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को दो करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की।
सरकार पीड़िता को न्याय व दे आर्थिक मदद: मायावती
बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि यूपी सीएम के गृह जनपद गोरखपुर की पुलिस द्वारा तीन व्यापारियों के साथ होटल में बर्बरता व उसमें से एक की मौत के प्रथम दृष्टया दोषी पुलिसवालों को बचाने के लिए मामले को दबाने का प्रयास घोर अनुचित है। घटना की गंभीरता व परिवार की व्यथा को देखते हुए मामले की सीबीआई जांच जरूरी है। उन्होंने आगे कहा कि आरोपी पुलिसवालों के विरूद्ध पहले हत्या का मुकदमा दर्ज नहीं करना किन्तु फिर जन आक्रोश के कारण मुकदमा दर्ज होने के बावजूद उन्हें गिरफ्तार नहीं करना सरकार की नीति व नीयत दोनों पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। सरकार पीड़िता को न्याय, उचित आर्थिक मदद व सरकारी नौकरी दे, यह बीएसपी की माँग है।
इस सरकार में है जंगलराज: प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि खबरों के अनुसार गोरखपुर में एक कारोबारी को पुलिस ने इतना पीटा कि उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना से पूरे प्रदेश के आमजनों में भय व्याप्त है। इस सरकार में जंगलराज का ये आलम है कि पुलिस अपराधियों पर नर्म रहती है और आमजनों से बर्बर व्यवहार करती है।
Published on:
30 Sept 2021 03:39 pm

बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
