यहां साल में सिर्फ दो बार होते हैं माता के चरणों के दर्शन

मंदिर के मुख्य पंडित ब्रजमोहन लाल शुक्ला ने बताया कि यहां लगभग 700 साल पहले एक संत हुए थे। मां ने उन्हें सपने में दर्शन दिए और बताया कि तालाब में उनकी पिंडी है उसे निकालो।
2 min read
• •
Updated: 6 Apr 2016, 2:52 PM IST
Navratri Images
Navratri Images
लखनऊ.नवरात्र की शुरुआत शुक्रवार से हो रही है। ऐसे में राजधानी में मां के दरबारों में सजावट शुरू हो गई। कई मंदिरों की अपनी खास महत्ता है। इन्हीं मंदिरों में एक मंदिर चौक में चौपटियां स्थित संधोहरण या संदोहन देवी का मंदिर है। यह मंदिर भक्तों की आस्था का एक बड़ा केंद्र है। यहां पर साल में सिर्फ दो बार ही माता के चरणों के दर्शन होते हैं।

मंदिर के मुख्य पंडित ब्रजमोहन लाल शुक्ला ने बताया कि यहां लगभग 700 साल पहले एक संत हुए थे। मां ने उन्हें सपने में दर्शन दिए और बताया कि तालाब में उनकी पिंडी है उसे निकालो। संत ने कुछ भक्तों के साथ मिलकर तालाब में खोजबीन की। काफी मेहनत के बाद उन्हें मां की पिंडी मिल गई। एकादशी को मां की पिंडी स्थापित हुई।

कहा जाता है कि इस पिंडी को जितनी बार बिठाया गया, हर बार लेट जाती थी। इस वजह से मंदिर में लेते ही मां की पिंडी की स्थापना की गई। ऐसे मान्यता है कि एकादशी को दर्शन कर भक्त की हर मनोकामना पूरी होती है। मां सन्देहरणी/संदोहन यानि हर प्रकार के सन्देहों का अंत करने वाली मां का जिक्र ललिता सहस्त्रनाम में भी आता है।

साल में दोनों नवरात्र के बाद की एकादशी को ही मां के चरणों के दर्शन होते हैं। मंदिर में देश-दुनिया के भक्त केवल मां के चरणों के दर्शन करने आते हैं। ऐसी मान्यता है कि इस दिन दर्शन करने से हर मुराद पूरी होती है। बाकी समय मां के चरण ढके रहते हैं।

नवरात्रों के नौ दिन हर बार मां का अलग और आकर्षक श्रृंगार होता है। पहले दिन मां का शेर पर सवार और श्रृंगार। दूसरे दिन कमल आसान पर विराजमान। तीसरे दिन मयूर पर कुमारी के रूप में दर्शन। चौथे दिन गरुण पर वैष्णवी स्वरूप में। पांचवें दिन सहस्त्र नैना वाली इंद्राणी के रूप और ऐरावत पर सवार। छठे दिन अर्धनारीश्वर के रूप में बैल पर सवार। सातवें दिन महिसासुर का वध करते हुए शेर पर सवार।

अष्टमी और नवमी के दिन माता सिंघासन पर विराजमान रहती हैं। दसवें दिन मां मगरमच्छ पर विराजमान होती है। ग्याहरवें दिन मां के चरणों के दर्शन होते हैं। इस दिन मां को लहंगा चोली और आभूषणों से श्रृंगार किया जाता है। मां अपने विविध रूपों में दर्शन देकर भक्तों की हर मुराद को पूरा करती है।
Published on: