
लखनऊ पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, राज्यपाल के साथ मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
लखनऊ. राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कार्यक्रम के लिये पहुंच चुके हैं। इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट समिट का आयोजन किया जा रहा है। इसके मुख्य अतिथि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद चुने हुए लाभार्थियों को ऋण के पत्र सौंपेंगे। जबकि जिलों में वहां के प्रभारी मंत्री व अन्य जनप्रतिनिधि लाभार्थियों को ऋण देंगे। इस ओडीओपी योजना के तहत लाभार्थियों को 1006.94 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किये जाएंगे। इसमें नया उद्यम शुरू करने के इच्छुक युवाओं को राज्य सरकार लगभग एक हजार छह करोड़ का लोन बांटेगी।
दो लाख करोड़ का होगा निर्यात
सराकर ने ओडीओपी के माध्यम से दो लाख करोड़ का निर्यात करने का लक्ष्य रखा है। मामले में कैबिनेट मंत्री सत्यदेव पचौरी ने बताया कि मौजूदा सरकार परंपरागत उद्दोगों को बढ़ावा देने के प्रयास में पूरी तरह जुट गई है। हर जिले के प्रोडक्ट की ब्रांडिंग होगी। विदेशी कंपनी अमेजन से भी इसकी समझौता हुआ है।
हुनरमंदों को मिलेगा ऋण
ओडीओपी के दौरान ही विभिन्न जिलों में पांरपरिक सामान बनाने वाले करीब 10 हजार छोटे उद्यमियों को 500 करोड़ रुपए का ऋणदेने का काम शुरू हो जाएगा। करीब 15 हजार उद्यमियों को अपने पांरपरिक सामान के उत्पादन को और विस्तार के लिए ऋण की जरूरत थी। इनमें से करीब एक दर्जन उद्यमियों कोको राष्ट्रपति के सामने ऋणपत्र दिया जाएगा। निदेशक उद्योग के.रवीन्द्र नायक के अनुसार भविष्य में जितने उद्यमी भी ऋणके लिए आवेदन करेंगे, उन सभी को ऋण दिया जाएगा। इस समिट के तहत योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई दिक्कत नहीं हो इसके लिए टोल फ्री नंबर और वेबसाइट की शुरुआत भी की जाएगीष इस वेबसाइट की मदद से नए कारोबार शुरू करने वाले अपने मनमुताबिक योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
तीन कंपनियों से हुआ समझौता
ओडीओपी को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए सरकार तीन अमेरिकी कंपनियों के संग भी समझौता करेगी। इस दौरान एमेजन, जीई हेल्थकेयर प्रा.लि और बोइंग जैसी कंपनियां यूपी में निवेश करने के लिए आ रही हैं। 10-11 अगस्त को तीनों कंपनियों के प्रतिनिधियोंऔर यूपी सरकार के बीच समझौता होगा। एमेजन, जीई हेल्थकेयर प्रा.लि और बोइंग कंपनियां यूपी में करेंगी निवेशपिछले दिनों यूपी के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह की अगुवाई में एक दल अमेरिका में निवेशकों से बातचीत करने गया था। वहां 34 से अधिक बड़ी कंपनियों से बात हुई। इन कंपनियों से यूपी में निवेश पर चर्चा हुई। जिसके बाद तीन मल्टीनेशनल कंपनियों ने निवेश पर सहमति जताई।
वेबसाइट व टोल फ्री कॉल सेंटर का होगा शुभारंभ
ओडीओपी के तहत राष्ट्रपति एक वेबसाइट शुभारंभ करेंगे। यह वेबसाइट चिह्नित उत्पादों के उत्पादन से लेकर बिक्री तक की जानकारी मुहैया कराने के लिए सरकार ने बनाई है। इसके अलावा हस्तशिल्पियों की समस्याओं के निवारण और उनकी जिज्ञासाओं के समाधान के लिए निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो के लखनऊ स्थित कार्यालय में स्थापित किये गए टोल फ्री कॉल सेंटर का भी वह उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही साथ राष्ट्रपति ओडीओपी उत्पादों की कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी करेंगे। समारोह में ओडीओपी उत्पादों पर केंद्रित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की जाएगी। इससे पहले राष्ट्रपति इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ओडीओपी उत्पादों की प्रदर्शनी देखेंगे और दस्तकारों से बातचीत भी करेंगे। समिट में आठ तकनीकी सत्र भी आयोजित किये गए हैं।
ये है राष्ट्रपति का कार्यक्रम
11 बजे - इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आगमन
11.00 से 11.10 बजे - ओडीओपी प्रदर्शनी का अवलोकन, दस्तकारों से परिचय और बातचीत
11.12 बजे - मुख्य कार्यक्रम स्थल पर आगमन
11.13 से 11.15 बजे - दीप प्रज्ज्वलित कर समिट का उद्घाटन
11.15 से 11.18 बजे - सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री सत्यदेव पचौरी का स्वागत भाषण
11.21 से 11.24 बजे - ओडीओपी फिल्म का प्रदर्शन
11.24 से 11.30 बजे - एमओयू का आदान-प्रदान, कॉफी टेबल बुक का विमोचन, ओडीओपी वेबसाइट व टोल फ्री कॉल सेंटर का शुभारंभ, लाभार्थियों को ऋण व टूल किट वितरण, लाभार्थियों से योजना की जानकारी
11.30 से 11.39 बजे - मुख्यमंत्री का संबोधन
11.39 से 11.48 बजे - राज्यपाल का संबोधन
11.48 से 11.58 बजे - राष्ट्रपति का संबोधन
11.58 से 12.00 बजे - मुख्य सचिव की ओर से धन्यवाद ज्ञापन
12.00 बजे - राष्ट्रपति की इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से रवानगी
Updated on:
10 Aug 2018, 11:40 AM IST
Published on:
10 Aug 2018, 11:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.