
PMGSY : repair work stopped in 164 roads of 26 District in UP
लखनऊ। ग्राम्य विकास आयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी, ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण नागेन्द्र प्रसाद सिंह ने अभिकरण के अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना द्वारा हो रहे सम्पर्क मार्गों के अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को अनुरक्षण कार्यों का औचक रूप से स्थलीय सत्यापन करने का निर्देश दिया।
मार्गों के अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा
मुख्य कार्यपालक अधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के अधिकारियों तथा अभियन्ताओं के साथ प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना द्वारा किये जा रहे मार्गों के अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों तथा अभियन्ताओं से कहा कि वे जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की भी लापरवाही न करें। समीक्षा के दौरान सीईओ को पता चला कि जनपद आजमगढ़, बलरामपुर, गौतमबुद्धनगर, गाजीपुर, झांसी, अमरोहा, जालौन, कानपुर देहात, लखीपुरखीरी, लखनऊ, मैनपुरी, मिर्जापुर, श्रावस्ती, सीतापुर, सुल्तानपुर, वाराणसी, बांदा, बाराबंकी, फैजाबाद, जौनपुर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, भदोही, संभल तथा उन्नाव कुल 26 जनपदों में 164 मार्गों पर अनुरक्षण का कार्य वर्तमान में नहीं हो रहा है। इस पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कड़ा रूख अपनाते हुए संबंधित जनपदों के अधिशासी अभियन्ताओं से स्पष्टीकरण तलब करते हुए संबंधित ठेकेदारों से तत्काल मार्गों का अनुरक्षण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
अनुरक्षण न करने पर उनसे राजस्व वसूली की कार्यवाही
उन्होंने कहा कि ऐसे मार्ग चिन्हित किये जायें जिनका अनुरक्षण कार्य सम्बन्धित ठेकेदारों द्वारा विगत चार वर्षों से नहीं किया गया है ऐसे ठेकेदारों को अनुरक्षण हेतु नोटिस जारी की जाय। अनुरक्षण न करने पर उनसे राजस्व वसूली की कार्यवाही करें। उन्होंने प्रदेश के समस्त मुख्य विकास अधिकारियों को पीएमजीएसवाई द्वारा अनुरक्षण हो रहे मार्गों का रैण्डम निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी सीडीओ अपने अधीनस्थ खण्ड विकास अधिकारियों तथा जिला स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से भी पीएमजीएसवाई मार्गों का औचक निरीक्षण करायें ताकि कार्यों में गति आ सके। उन्होंने कहा कि मार्गों के अनुरक्षण कार्यों में पारदर्शिता के साथ ही गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाय। सीईओ ने सभी पीआईयू के अधिशासी अभियन्ताओं को सही तथ्यों की जानकारी रखने तथा अपने निगरानी में कार्य कराने का निर्देश दिया।
नया टेण्डर कराकर मार्ग के अनुरक्षण कार्य को पूरा किया जाय
नागेन्द्र प्रसाद सिंह ने अनुरक्षण अवधि के पूर्व अगर कोई मार्ग क्षतिग्रस्त पाया जाता है तो इसकी जिम्मेदारी सम्बन्धित ठेकेदार पर तय करते हुए उसके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिशासी अभियन्ताओं से कहा कि अगर सामान्य रूप से अनुरक्षण का कार्य नहीं हो पा रहा है तो मुख्यालय को इसकी सूचना प्रेषित करें। उन्होंने कहा कि जिन जनपदो में पीएमजीएसवाई के मार्गों के अनुरक्षण कार्यों में ठेकेदार कार्य नहीं कर रहा है उससे तत्काल धनराशि वसूल करते हुए आवश्यकतानुसार नया टेण्डर कराकर मार्ग के अनुरक्षण कार्य को पूरा किया जाय। उन्होंने कहा कि मार्गों के अनुरक्षण तथा रख-रखाव सम्बन्धी अनुबंध की समयावधि के अंदर के कितने मार्ग हैं उनकी सूची बनाते हुए उन ठेकेदारों को चिन्हित करें जिनके द्वारा अनुबंध अवधि में मार्गों का कार्य पूरा नहीं किया गया है।
Published on:
07 Aug 2018 09:09 pm

बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
