
लखनऊ. कैराना उपचुनाव से पहले एक बार फिर गेस्ट हाउस कांड का जिन्न बाहर आ गया है। उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने सपा-बसपा गठबंधन पर बोलते हुए मायावती को गेस्ट हाउस कांड की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही दलितों की सच्ची हितैषी है। सत्ता की भूख में मायावती ने गेस्ट हाउस कांड को ही भुला बैठीं।
ग्राम स्वराज अभियान के तहत महिलाबाद ब्लॉक में आयोजित किसान कल्याण कार्यक्रम में डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि सत्ता की भूख में मायावती गेस्ट हाउस कांड को भूल गई हैं। सत्ता सुख की खातिर आज वह उन लोगों के साथ खड़ी हैं, जिन्होंने उनको बेइज्जत किया था। बसपा सुप्रीमो उस भाजपा को ही भूल गईं, जिसने उन्हें बचाया था।
बीजेपी पूरा कर रही बाबा साहेब का सपना
डिप्टी सीएम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों को पूरा कर रही है। यही कारण है कि बीजेपी ने मायावती को तीन बार सूबे का मुख्यमंत्री बनाने में पूरा सहयोग किया। उन्होंने कहा कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है। यह भी भाजपा को अखर रहा है।
डिप्टी सीएम बोले- 2019 में बनेगी बीजेपी की सरकार
डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश-प्रदेश का विकास विपक्ष से नहीं देखा जा रहा है। इसलिये समूचा विपक्ष भाजपा का विरोध कर रहा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि विपक्षी दल कभी आरक्षण खत्म करने का भ्रम फैलाते हैं तो कभी संविधान को ही खतरे में बताते हैं। उन्होंने कहा कि चाहे पूरा विपक्ष एकजुट हो जाये, 2019 के लोकसभा चुनाव में केंद्र में बीजेपी की सरकार बनेगी, क्योंकि जनता भाजपा के साथ है।
शर्म करें मायावती : भाजपा सांसद
किसान कल्याण कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसद कौशल किशोर ने कहा कि बीजेपी बाबा साहेब का सपना पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि खुद को दलितों का मसीहा बताने मायावती को शर्म करनी चाहिये। आज वो उस पार्टी के साथ हैं, जिसने अपनी सरकार में छह लाख दलित कर्मचारियों को डिमोशन कर दिया था।
Published on:
3 May 2018, 2:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.