
UP Weather: यूपी में तपिश का कहर..
UP Heatwave Alert: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और झुलसा देने वाली लू की चपेट में है। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ। खासकर बुंदेलखंड और पूर्वांचल के इलाकों में दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 25 अप्रैल तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी जारी रहेगी और गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं।
प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी बांदा में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह न केवल यूपी में सबसे अधिक रहा, बल्कि देश में भी तीसरे स्थान पर दर्ज हुआ। इसके बाद प्रयागराज में 43.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा। इन दोनों जिलों में लू के तीखे थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए प्रदेश के 22 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आगरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी शामिल हैं। इन इलाकों में तेज गर्म हवाएं चलने और तापमान में और इजाफा होने की संभावना जताई गई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 26 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और खासकर पश्चिमी यूपी व तराई क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज होगी और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल अगले दो दिनों तक प्रदेशवासियों को इस प्रचंड गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार इस समय लापरवाही स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है, इसलिए सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।
भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें तथा अधिक मात्रा में पानी, नींबू पानी और ओआरएस का सेवन करें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है, क्योंकि ये वर्ग लू की चपेट में जल्दी आते हैं। किसी भी तरह की कमजोरी, चक्कर या उल्टी जैसी समस्या महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।
Published on:
22 Apr 2026 11:09 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
