
पुरानी मांग पर मायावती की हुंकार Source- X
UP Politics: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया। इसमें उन्होंने अपने समय की सरकार में शुरू हुए कामों का जिक्र किया और अन्य पार्टियों पर आरोप लगाए।
मायावती ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद जेवर एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन हुआ है। उन्होंने दावा किया कि इस एयरपोर्ट की रूपरेखा और सभी जरूरी बुनियादी काम बसपा की सरकार में ही शुरू हो गए थे। उन्होंने बताया कि अगर उस समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार ने रोड़े नहीं अटकाए होते, तो यह काम यमुना एक्सप्रेसवे की तरह उनकी सरकार के समय में ही पूरा हो जाता। मायावती का कहना है कि बसपा शासन में विकास की कई बड़ी योजनाएं शुरू की गई थीं, लेकिन केंद्र की कांग्रेस सरकार ने उनमें बाधा डाली।
मायावती ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों की एक पुरानी मांग का भी जिक्र किया। उन्होंने पूछा कि पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट की अलग बेंच और अलग प्रदेश बनाने का सपना कब पूरा होगा? उनका कहना है कि इस क्षेत्र के विकास के लिए ये दोनों चीजें बहुत जरूरी हैं, लेकिन अभी तक यह सपना अधूरा है।
मायावती ने उत्तर प्रदेश की जनता से अपील की कि वे विरोधी पार्टियों की छलावे वाली राजनीति और बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि लोग बसपा की नीति 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' पर भरोसा रखें। बसपा का फोकस हमेशा गरीबों, पिछड़ों और बहुजन समाज के उत्थान पर रहा है। मायावती ने कहा कि विकास और न्याय की सच्ची राजनीति केवल बसपा ही कर सकती है।
मायावती ने सपा पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा सरकार का ज्यादातर समय बसपा द्वारा कराए गए विकास कार्यों को निष्क्रिय करने में बीता। सपा ने गरीबी, पिछड़ेपन और प्रदेश के विकास पर ध्यान देने की बजाय बसपा के कामों को रोकने में ज्यादा समय लगाया। मायावती का आरोप है कि सपा सरकार ने विकास को आगे बढ़ाने की जगह पुराने कामों को ठप करने पर जोर दिया।
मायावती ने भाजपा पर भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बसपा सरकार ने समाज के कमजोर तबकों के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए थे। बहुजन समाज के संतों, गुरुओं और महापुरुषों के सम्मान में शिक्षण संस्थान, मेडिकल कॉलेज और नए जिले बनाए गए थे। लेकिन बाद की सरकारों ने इनका नाम बदल दिया। मायावती ने कहा कि बहुजन समाज के इन योगदानों को मिटाने की कोशिश की गई।
Published on:
30 Mar 2026 11:07 am
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
