
Expressway Accident: रफ्तार ने ली 8 की जान, फिरोजाबाद में एक परिवार के 5 की मौत, मथुरा में हादसे में 3 की गई जान
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में शनिवार को एक्सप्रेस वे (Expressway) पर दो भीषण सड़क हादसे हो गए। हादसे में आठ लोगों की जान चली गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। ये हादसा मथुरा में यमुना एक्स्प्रेस (Yamuna Expressway) वे और फिरोजाबाद में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे (Agra Lucknow Expressway) पर हुआ। मथुरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर कार के एक वाहन से टक्कर लगने पर तीन की मौत हो गई जबकि फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर कार की ट्रक से टक्कर में पांच ने दम तोड़ दिया। दोनों हादसों में एक-एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
फिरोजाबाद जनपद के थाना नसीरपुर इलाके में हाइवे पर एक ट्रक खड़ा था। आगरा से लखनऊ की ओर जा रही कार इस ट्रक से टकरा गई। हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार कार की रफ्तार तेज थी। ट्रक से टकराने पर हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में पीड़ित परिवार प्रयागराज का है। यह सभी दिल्ली से ईओन कार से अपने घर जा रहे थे। घटना नसीरपुर में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुई है। घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा के कर्मचारी और पुलिस पहुंच गई। घायल को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
कार में कुल छह लोग सवार थे। पुलिस को कार से मिले आधारकार्ड के मुताबिक मारने वाले युवक की पहचान रवनेश पाण्डेय निवासी मेजा प्रयागराज, रूबी तिवारी व दो बच्चे 15-16 वर्ष के हैं। एक बच्चा ढाई साल का है। कार को रवनेश पाण्डेय चला रहे थे। हादसा देखकर लखनऊ की तरफ से आ रही कार सवारों ने टोल प्लाजा पा जानकारी दी। कार में फंसे शवों और घायल महिला प्रियंका को निकाला गया।
मथुरा में तीन ने तोड़ा दम
मथुरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर तड़के आगरा से नोएडा जा रही कार अनियंत्रित होने पर आगे चल रहे वाहन में टकरा गई। इस हादसे में कार सवार दंपती समेत तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सुमेर चंद्र (42), जयश्री दीप पत्नी सुमेर चंद (40), चालक अमित कुमार, संजीव पाल रायपुर (छत्तीसगढ़) से यमुना एक्सप्रेस वे पर होते हुए यमुनानगर हरियाणा जा रहे थे। थाना जमुना पार क्षेत्र में शनिवार तड़के माइलस्टोन 107 के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन में टकरा गई। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सुमेर चंद, जयश्री दीप, अमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। संजीव घायल हो गए। ड्राइवर अमित यमुनानगर का रहने वाला था। गंभीर रूप घायल संजीव को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Published on:
20 Jun 2020 04:44 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
