
लखनऊ. एक तरफ तूफान का डर दूसरी तरफ दिन की तपन और फिर रात की टेंशन...राजधानी व आस-पास के निवासी समझ ही नहीं पा रहे हैं कि मौसम किस करवट रुख करेगा। दिन में चिलचिलाती धूप निकलती है तो रात में आंधी-पानी टेंशन बढ़ा देता है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले दो दिन भी इसी तरह का मौसम रहेगा। प्रदेश आंधी के बाद बारिश व ओले गिरने से 12 लोगों की मौत हो चुकी है।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं, लेकिन इसका ज्यादा असर नहीं होगा। अवध क्षेत्र के कुछ जिलों में आंधीके साथ हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अलर्ट के मद्देनजर शासन ने भी दिशा निर्देश जारी किए हैं. संभावित जिलों के जिलाधिकारियों को अलर्ट किया गया है. मौसम में बदलाव की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के दिशा निर्देश दिए गए हैं।
ये है मौसम बिगड़ने का मुख्य कारण
राजधानी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। बुधवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर धूलभरी आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम राजस्थान और मध्य प्रदेश के ऊपर एक टर्फ भी विकसित हुआ है। पश्चिम बंगाल के ऊपर चक्रवातीय दबाव भी केन्द्रित है, जिसके चलते बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है।
राजधानी में पूरा दिन तपन में बीता
बारिश की उम्मीद लगाये बैठे लखनऊवासियों के लिये गुरुवार का पूरा दिन तपन में बीता। उमस संग दोपहर में तपन के तेवर कुछ ऐसे रहे पंखों कूलर ने राहत नहीं ही दी।दोपहर की तपन में सड़कों पर दिखे शहरियों को गर्म हवा के झोंको ने मई में सीजन का पहली लू सा अहसास दिलाया। शाम को लोगों को उमस और बेचैनी भी महसूस हुई।
शाम को बदलता है मौसम का मिजाज
शाम के वक्त मौसम बदल जाता है। देर शाम लखनऊ और आसपास के जिलों तक पहुंच गया। धूल भरी आंधी के चलते से मौसम का मिजाज बदल गया। कानपुर में आंधी-पानी के साथ कई जगह ओले गिरे। काफी संख्या में पेड़ और विद्युत पोल धराशायी हो गए। इटावा के थाना वैदपुरा क्षेत्र के ग्राम विचपुरी खेड़ा में विद्युत पोल गिरने से अकील की दबकर मौत हो गई। इसके अलावा जिले में दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई।
इन शहरों में है खतरा
पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, आगरा , बरेली, गाज़ियाबाद, नोयडा, रामपुर, हापुड़, संभल में आंधी-पानी की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वी यूपी के गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज, बलिया, बहराइच में भी आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि राजधानी लखनऊ व आस-पास के जिलों में हालात सामान्य रहने की उम्मीद है।
Published on:
10 May 2018 03:07 pm

बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
